स्कूल प्रबंधन पर अभिभावकों ने लापरवाही बरतने का लगाया आरोप
शिकारीपाड़ा/दुमका/ होली चाइल्ड इंग्लिश मीडियम स्कूल अम्बाजोड़ा शिकारीपाड़ा में व्याप्त अनियमितता एवं स्कूल प्रबंधन द्वारा छात्रों पर ध्यान नहीं देने सहित अन्य मांगों को लेकर गुरुवार को अभिभावकों ने उपायुक्त दुमका के नाम प्रखंड विकास पदाधिकारी शिकारीपाड़ा को एक आवेदन समर्पित किया।आवेदन प्राप्त होते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार चौधरी ने अपने स्तर से प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को जांच रिपोर्ट समर्पित करने का निर्देश दिया। बताते चलें कि आज गुरुवार को भीषण गर्मी के बावजूद विधालय प्रबंधन द्वारा क्लास रूम में पंखा नहीं चलाने के कारण दो छात्राएं नीसी प्रिया साहा एवं आयुसी कुमारी क्लास में ही बेहोश हो गई| जिसकी सूचना उनके अभिभावकों को विद्यालय द्वारा दी गई|सूचना प्राप्त होते ही अभिभावक अपनी अपनी दोनों बच्चियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिकारीपाड़ा लाए,जहां आयुष चिकित्सक मिथिलेश कुमार ने दोनों बच्चियों की जांच कर उपचार किया| चिकित्सक के अनुसार अत्यधिक गर्मी के कारण दोनों बच्चियां बेहोश हुई थी|प्राथमिक उपचार के बाद बच्चियों को घर भेज दिया गया।घटना से आक्रोशित अभिभावको रंजन कुमार साहा, हेमंत कुमार साहा,चंदन कुमार साहा, प्रभात कुमार,जयंत कुमार पाल सहित समेत अन्य अभिभावकों ने उपायुक्त दुमका के नाम एक शिकायत पत्र प्रखंड विकास पदाधिकारी को समर्पित किया| जिस पर प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार चौधरी ने कहा कि मैंने प्राप्त शिकायत की जांच प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को करने का निर्देश दे दिया है| इस संबंध में अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा लगातार फीस में बढ़ोतरी तो किया जाता है लेकिन सुविधा उसके अनुसार नहीं दिया जाता है जब भी इस बारे में प्रिंसिपल से बात की जाती है तो वह हमारी बात को गंभीरता से नहीं लेते है।