सचिवालय घेराव को ले केंद्रीय मंत्री,पूर्व सीएम,सांसदों,विधायकों पर नामजद व हजारों अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज

9

रांची। रांची के धुर्वा थाना में कार्यपालक दंडाधिकारी उपेंद्र कुमार के बयान पर  भाजपा द्वारा मंगलवार को आयोजित सचिवालय घेराव कार्यक्रम को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। एफआईआर में नामजद आरोपियों में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा,राँची के सांसद संजय सेठ, चतरा सांसद सुनील कुमार सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास,पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, राज्यसभा सांसद समीर उरांव,सांसद निशिकांत दुबे, विधायक अमित मंडल,विधायक ढुल्लू महतो,आरती कुजूर, प्रदीप मुखर्जी, शत्रुघ्न सिंह, अनिता सोरेन, मुनचुन राय, उमेश यादव,वीरेंद्र यादव, ललित ओझा,केके गुप्ता, कुलवंत सिंह बंटी,गुंजन यादव,अमित कुमार, विकास कुमार पांडे, दिलीप कुमार सिंह, कुमकुम देवी, कामेश्वर सिंह, अमित भैया उर्फ अमित कुमार,कमलेश राम, नीलम चौधरी, साधु मांझी और विमल मरांडी शामिल हैं।इसके अलावा हजारो अज्ञात भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।सभी आरोपियों पर उपद्रव करने, दंगा भड़काने, सरकार के निर्देशों का उल्लंघन करने,सरकारी कार्य में बाधा,अपराध के लिए उकसाने व दूसरे व्यक्ति को नुकसान पहुंचाने से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी हुई है।धारा 147,148,188,353,332,109,427 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाने में कार्यपालक दंडाधिकारी सदर उपेंद्र कुमार के द्वारा दिए आवेदन में लिखा कि धुर्वा गोल चक्कर के पास दोपहर करीब 1:30 बजे भारतीय जनता पार्टी के लगभग 5000 से ज्यादा कार्यकर्ताओ और समर्थको ने धारा-144 का उल्लंघन किया।इस दौरान वे सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए प्रभात तारा मैदान से धुर्वा गोल चक्कर की ओर पैदल चलकर पहुंचे और गोल चक्कर के मुख्य बैरियर पर पहुंचकर सरकार विरोधी नारे लगाने लगे।इस दौरान उन्होंने बैरिकेडिंग को गिराने का प्रयास किया। वरीय अधिकारियों के द्वारा माइक पर अनाउंस कर भाजपा कार्यकर्ताओं को धारा 144 के बारे में बताया भी गया, लेकिन इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता बैरिकेडिंग को उखाड़ने और हटाने का प्रयास करने लगे और उपद्रवियों की तरह व्यवहार करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं दंडाधिकारी को निशाना बनाते हुए बोतल फेंकना एवं पत्थरबाजी करना शुरू कर दिए।एफआईआर में लिखा गया है कि पुलिस अधिकारियों एवं मौजूद पुलिस बल के द्वारा उपद्रवियों को रोकने का हर संभव प्रयास किए जाने के बावजूद भी भाजपा कार्यकर्ता घेराबंदी को तोड़ने का प्रयास करते रहें। इसी क्रम में लगभग 2:00 बजे अपराह्न भाजपा कार्यकर्ता पत्थरबाजी करने लगे तब उन पर पानी की बौछार की गयी,इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के द्वारा भीड़ को उकसाने का प्रयास भी किया जाता रहा। उग्र भीड़ को तितर-बितर करने के उद्देश्य से पुलिस ने आंसू गैस और बल का प्रयोग किया।भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं के द्वारा जिस तरह उपद्रव किया गया उसका वीडियो फुटेज भी प्रशासन के पास मौजूद है। ऐसे में सभी नामजद के साथ-साथ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाए।

The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/6cfd

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *