कहा- सीएम पड़ोसी के घर वारिस ढूंढ रहे हैं

पटना। पूर्व केंद्रीय मंत्री और जनता दल यूनाइटेड के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का साथ छोड़ दिया है। कुशवाहा ने सोमवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और जदयू से इस्तीफे के साथ अपनी नई पार्टी राष्ट्रीय लोक जनता दल का ऐलान किया। वे इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष भी होंगे।
मीडिया से बातचीत में कुशवाहा ने कहा- नीतीश के साथ शुरुआत अच्छी थी, लेकिन अंत बुरा। जमीर बेचकर हम अमीर नहीं बन सकते। नीतीश जी जिस रास्ते पर चल रहे हैं, वो पार्टी के लिए सही नहीं है। वे पड़ोस के घर में अपना वारिस ढूंढ रहे हैं। कुशवाहा का इशारा अगले विधानसभा में सीएम पद के चेहरे को लेकर था।
नीतीश ने पार्टी को गिरवी रख दिया
कुशवाहा ने कहा- जदयू के कार्यकर्ता परेशान हैं। मुख्यमंत्री जी ने शुरुआत में अच्छा काम किया, लेकिन आखिर में उन्होंने जो किया वो अच्छा नहीं हुआ। मैंने जब पार्टी में सवाल उठाया तो मुझे उन्होंने कह दिया पार्टी छोड़कर चले जाइए। नीतीश जी के पास है क्या। उनके पास अब कुछ नहीं बचा है। उन्होंने पार्टी को गिरवी रख दिया। मैं उनसे क्या हिस्सा मांगू। उनके हाथ में जीरो है।
उत्तराधिकारी परिवार में ही ढूंढना था
नीतीश जी पड़ोसी के घर में उत्तराधिकारी ढूंढ रहे हैं। अगर वो अतिपिछड़ा समाज से किसी को चुनते तो हमें कोई परेशानी नहीं होती। उपेंद्र कुशवाहा नहीं पसंद थे तो कोई बात नहीं, लेकिन परिवार में ही ढूंढना था। बीजेपी का साथ छोड़कर नया गठबंधन बना लिया गया। उस वक्त भी हमने साथ दिया।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/u6p8