जिले में पेयजल से जुड़ी समस्याओं का 72 घंटे में करें निदान अन्यथा होगी कड़ी कार्रवाई
सामाजिक सुरक्षा के तहत बुजूर्ग, विधवा, परित्यक्त, दिब्यांग लाभुकों को प्राथमिकता के आधार पर करें लाभान्वित
देवघर I उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देशानुसार अपर समाहर्ता श्री चन्द्र भूषण प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार से टॉक टू डीसी ऑनलाईन कार्यक्रम का आयोजन किया।इस दौरान जिले के सभी दस प्रखण्ड से सीएससी केंद्रों के माध्यम से जिले के विभिन्न पंचायत के लोगों के अलावा कलस्टर लेवल फेडरेशन और विलेज ऑर्गेनाईजेशन के माध्यम से आमजनों ने ऑनलाईन मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान अपर समाहर्ता चन्द्र भूषण प्रसाद सिंह ने पूर्व के टॉक टू डीसी कार्यक्रम में दिये गये निर्देशों के अनुपालन की बिन्दुआर समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निदेशित किया कि उपायुक्त के निर्देशानुसार प्राथमिकता के आधार पर कार्यक्रम में आने वाले फरियादियों से जुड़ी शिकायतों का ससमय निराकरण करें, अगर समस्याओं को निराकरण तय समय अनुरूप नहीं हो पाता है तो संबंधित अधिकारी पर भी कार्रवाई की जायेगी। आगे कार्यक्रम के दौरान राशन व पेंशन से जुड़े मामलों में त्रूटि का ऑन द स्पॉट निराकरण करते हुए लाभुकों को योजना के लाभ से लाभान्वित किया गया। साथ ही कार्यक्रम के दौरान देवघर के वार्ड नंबर 5 से आवेदक द्वारा जानकारी दी गयी कि सांप काटने की वजह से उनके परिजन की मृत्यु हुई थी मगर मुआवजा लेने हेतु पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी मांगा जा रहा है, जो कि परिजनों के पास नहीं है। ऐसे में मामले को संज्ञान में लेते हुए अपर समाहर्ता द्वारा जानकारी देते हुए कहा गया कि उक्त मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया है। कार्यक्रम के दौरान मोहनपुर प्रखण्ड के भिखना पंचायत अन्तर्गत बिजली के जर्जर तारों से जानमाल की क्षति की बात ग्रामीणों द्वारा कही गयी, जिसपर मामले को संज्ञान में लेते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गयी कि बिजली के जर्जर तारों व आवश्यक उपकरणों का प्राक्कलन स्वीकृत हो गया है, जिसे जल्द ही बिजली के तारों व आवश्यक उपकरणों को बदल दिया जायेगा।आगे कार्यक्रम के दौरान मोहनपुर प्रखण्ड के बांक पंचायत के आवेदक द्वारा जानकारी दी गयी कि ग्रेन गोला बैंक में राशि जमा कराने के पश्चात अवधि पूर्ण होने के बाद भी आज भी पैसे वापस नहीं दिया जा रहा है। जिसपर मामले को संज्ञान में लेते हुए अपर समाहर्ता ने को-ऑपरेटिव विभाग के अधिकारियों को कड़े शब्दों में निदेशित करते हुए कहा कि अगल सात दिनों के अंदर मामले की जांच रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करते हुए समस्या का समाधान कर अवगत करायें। इसके अलावे कार्यक्रम के दौरान सारवां प्रखण्ड के डकाय पंचायत के आवेदक द्वारा जानकारी दी गयी कि प्रधानमंत्री आवास योजना उनके नाम पर स्वीकृत है मगर राशि दूसरे व्यक्ति के खाते में भेज दी गयी है। जिसपर मामले को संज्ञान में लेते हुए अपर समाहर्ता ने संबंधित प्रखण्ड के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए योजना से जुड़ी राशि लाभुक के खाते में हस्तांतरित करने का निदेश दिया। आगे कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रखण्डों से मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना से जुड़े शिकायत पर संज्ञान लेते हुए अपर समाहर्ता द्वारा जानकारी दी गयी कि भूमिहीन एवं कैटेगरी बी के कृषकों का सत्यापन कार्य चल रहा है, जिसे पूरा करते हुए बैंकों को भेजा जायेगा, जिसके पश्चात कृषकों को सुखाड़ राहत योजना की राशि भेजी जायेगी। वर्तमान में कैटेगरी ए के कृषकों का सत्यापन हुआ है एवं सुखाड़ राहत योजना की राशि उन्हें भेजी जा रही है। साथ ही उपायुक्त ने सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी के माध्यम से सभी प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी को निदेशित किया गया कि अपने-अपने प्रखण्डों में लाभुकों की सूची सत्यापित कराते हुए जल्द से जल्द समर्पित करें, ताकि लाभुकों के खाते में किस्त की राशि भेजी जा सके। आगे अपर समाहर्ता द्वारा जानकारी दी गयी कि इस महीने से प्रधानमंत्री किसान सम्मानिधि योजना से जुड़ी किस्त की राशि लाभुकों के खाते में भेजी जाएगी। आगे कार्यक्रम के दौरान सोनारायठाड़ी प्रखण्ड के लाभुक द्वारा जानकारी दी गयी कुसुमथर पंचायत में रोड पर अतिक्रमण के अलावा सरकारी चापाकल में कुछ व्यक्ति विशेष लोगों द्वारा मोटर लगा दिया गया है जिसपर मामले को संज्ञान में लेते हुए अपर समाहर्ता ने संबंधित प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को आवश्यक जांच करते हुए ऐसा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। आगे कार्यक्रम के दौरान सोनारायठाड़ी प्रखण्ड के ब्रम्होतरा पंचायत के आवेदक द्वारा जानकारी दी गयी कि जल नल योजना के तहत किये जा रहे कार्यों में नल का कनेक्शन पुराने चापाकलों या जलमीनारों से दिया जा रहा है, जिसके कारण की चापाकल खराब हो जा रहे हैं और पेयजल की समस्या गांव में उत्पन्न हो गयी है। ऐसे में मामले को संज्ञान में लेते हुए अपर समाहर्ता ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों को आवश्यक जांच करते हुए उपायुक्त कार्यालय को अवगत कराने का निदेश दिया। टॉक टू डीसी कार्यक्रम के विभिन्न प्रखण्डों से पेयजल की समस्या को संज्ञान में अपर समाहर्ता ने बंद पड़े चापाकलों व जलमीनारों को दुरूस्त करने का निदेश पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों को दिया। आगे कार्यक्रम के दौरान सारठ प्रखण्ड के आवेदक द्वारा जानकारी दी गयी कि बसहा पंचायत अन्तर्गत नकटी मौजा में मेरा जमीन है जो कि चितरा-बासुकीनाथ रेललाईन में जमीन अधिग्रहण किया गया है। मगर अब तक मुआवजा की राशि नहीं मिला है। जिसपर मामले को संज्ञान में लेते हुए अपर समाहर्ता ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिया गया। आगे सारठ प्रखण्ड अन्तर्गत सिमला पंचायत के आवेदक द्वारा जानकारी दी गयी कि एक साल पूर्व कुंआ का निर्माण कराया गया था मगर राशि का भुगतान अब नहीं किया गया है। जिसपर मामले को संज्ञान में लेते हुए अपर समाहर्ता ने संबंधित प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को जांच करते हुए आवश्यक भुगतान करने का निदेश दिया। इसके अलावा सारठ प्रखण्ड के कैराबांक पंचायत के आवेदक द्वारा जानकारी दी गयी कि ऊर्जा मित्र के रूप में बहाली हेतु कोटा रहने के बावजूद अनियमितता के साथ सामान्य वर्ग के व्यक्ति को ऊर्जा मित्र के रूप में बहाल कर लिया। ऐसे में मामले को संज्ञान में लेते हुए अपर समाहर्ता ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक जांच कर उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करने का निदेश दिया। आगे कार्यक्रम के दौरान मधुपुर प्रखण्ड के सीएलएफ के दीदियों द्वारा जानकारी दी गयी कि साप्तर पंचायत अन्तर्गत इंडियन बैंक में मंजू आजीविका संगठन का खाता नहीं खोला जा रहा है। जिसपर मामले को संज्ञान में लेते हुए अपर समाहर्ता ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निदेशित करते हुए कहा कि दीदियों के समस्याओं का निराकरण करते हुए उपायुक्त कार्यालय को तय समयानुसार अवगत करायें। आगे कार्यक्रम के दौरान मधुपुर प्रखण्ड के पंजीयारा गांव आवेदक द्वारा जानकारी दी कि कई महिनों से चक्कर लगाने के बावजूद भी सुकन्या समृद्धि योजना का लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है। जिसपर मामले को संज्ञान में लेते हुए अपर समाहर्ता ने संबंधित प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को योजना स्वीकृत कराते हुए एक हफ्ते के अंदर लाभान्वित कराने का निदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान मारगोमुण्डा प्रखण्ड अन्तर्गत दिब्यांग बच्चे दिब्यांग प्रमाण पत्र न रहने से जुड़े मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित प्रखण्ड विकास पदाधिकारी व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियेां को उक्त युवक को महीने के 21 तारीख को सदर अस्पताल में लगने वाले दिब्यांग कैम्प के माध्यम से प्रमाण पत्र निर्गत कराने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि जिला स्तर पर प्रत्येक माह के 21 तारीख को सदर अस्पताल के परिसर में दिव्यांगजनों के सुविधा हेतु विशेष कैम्प का आयोजन किया जाता है, जहां दिव्यांग प्रमाण पत्र हेतु आवेदन व प्रमाण पत्र प्राप्त किया जा सकता है। ऐसे में आवश्यक है कि इस जानकारी को ज्यादा से ज्यादा लोगों के बीच प्रसारित करें, ताकि इस विशेष का लाभ जिले के दिव्यांगजन प्राप्त कर सके। इस दौरान उपरोक्त के अलावे जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी रवि कुमार,कार्यपालक दण्डाधिकारी सुश्री सुप्रिया भगत, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी प्रमोद कुमार,जिले के सभी प्रखण्डों के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी, डीपीएम जेएसएलपीएस, सीएससी मैनेजर सत्यम कुमार, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी एवं जिला समाज कल्याण विभाग, नगर निगम, आपूर्ति, मनरेगा, कृषि, पीएम आवास, बैंक, थाना व संबंधित विभाग के अधिकारी कर्मी आदि उपस्थित थे।