दशरथ महतो/दुमका। दुमका जिले के मसलिया रोड निवासी और सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश चंद्र गंधर्व के साथ 9 सितंबर 2024 को एक गंभीर घटना घटी। खाद और बीज खरीदने के दौरान, मो. आदिल और 10-12 अज्ञात लोगों ने बीच बाजार में उनके साथ बदसलूकी की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। घटना दुमका के हटिया स्कूल के पास स्थित खाद-बीज की दुकान के बाहर हुई।
प्रकाश चंद्र गंधर्व के अनुसार, आरोपियों ने केवल उन्हें गालियां ही नही दीं, बल्कि उनका कॉलर पकड़ते हुए 20 हजार रुपये भी लूट लिए। प्रकाश ने दावा किया है कि बंदोबस्त कार्यालय में काम करने वाले मो. आदिल एवं उनके साथ आये असामाजिक तत्वों ने उन्हें धमकाया है कि मो आदिल के खिलाफ किये गये शिकायतों को 15 दिनों के भीतर वापस नहीं लीं, तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा और लाश को ऐसी जगह फेंका जाएगा जिसे कोई नहीं ढूंढ पाएगा।
प्रकाश ने यह भी दावा किया कि इस घटना के बाद, प्रकाश चंद्र ने नगर थाना दुमका में प्राथमिकी दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज करने से इनकार कर दिया। उन्हें कहा गया कि शिकायत जन-शिकायत समाधान केंद्र में दर्ज कराएं। यह ध्यान देने योग्य है कि गंधर्व लंबे समय से भ्रष्टाचार और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं, और मो. आदिल के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत पहले ही उच्चाधिकारियों को भेजी गई है।
प्रकाश चंद्र गंधर्व ने इस घटना को लेकर फिर से संबंधित अधिकारियों से मो. आदिल और उनके साथियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना की जांच और कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है।