अदानी कंपनी में काम करते थे दोनों मृतक
ड्यूटी समाप्त कर बाइक से गोड्डा लौटने के क्रम में पकड़िया के पास हुआ सड़क हादसा
गोड्डा। शुक्रवार की रात गोड्डा-भागलपुर रोड में नगर थाना क्षेत्र के पकड़िया के नजदीक एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक पर सवार दो युवकों को मौत की नींद सुला दिया। दोनों मृतक मोतिया स्थित अदानी पावर कंपनी में काम करते थे और ड्यूटी समाप्त कर बाइक से वापस गोड्डा लौट रहे थे। दुर्घटना में स्कार्पियो चालक भी जख्मी हो गया। मिली जानकारी के मुताबिक, देर रात दीपक कुमार और ब्रह्मदेव कुमार ड्यूटी के बाद एक ही बाइक पर सवार होकर वापस गोड्डा आ रहा था। उसी दौरान पकड़िया के नजदीक तेज रफ्तार स्कोर्पियो की जोरदार टक्कर से दोनों युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो स्कार्पियो काफी रफ्तार में था। गति पर नियंत्रण नहीं रहने के कारण बाइक में जोरदार धक्का मार दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। स्कार्पियो भी नियंत्रण खोकर सड़क से नीचे खेत में उतर एक बिजली की पोल से जा टकराई। स्कार्पियो का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। हालांकि स्कार्पियो चालक भी घायल हुआ है, लेकिन उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जाती है। दुर्घटना के करीब आधा घंटा बाद अदानी कंपनी की एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची और तीनों को अस्पताल लाया गया। अस्पताल में डॉक्टर ने बाइक सवार दोनों युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में से एक ब्रह्मदेव गोड्डा के लहेरीटोला का रहने वाला था, जबकि दूसरा दीपक कुमार साहिबगंज का रहने वाला बताया गया। शव के अस्पताल पहुंचने के बाद जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी पहुंच गए। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। परिजनों के करुण क्रंदन से अस्पताल का माहौल काफी गमगीन हो गया था।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/olbi