संताल परगना कॉलेज, दुमका के इंटरनल क्वालिटी एश्योरेंस सेल (IQAC) और बिलीवर्स ग्रुप, पंजाब के संयुक्त तत्वावधान में “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग: द नेक्स्ट फ्रंटियर इन रिसर्च इवेंट” विषय पर चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा।
यह कार्यक्रम 2 जनवरी से 5 जनवरी तक जूम वर्चुअल प्लेटफॉर्म पर आयोजित होगा, जिसका समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है। वर्कशॉप की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. खिरोधर प्रसाद यादव करेंगे।
कार्यक्रम के संयोजक मनोविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष और मानसिक स्वास्थ्य परामर्श केंद्र के निदेशक डॉ. विनोद कुमार शर्मा हैं, जबकि आयोजन सचिव के रूप में आईक्यूएसी कोऑर्डिनेटर डॉ. पूनम बिंझा कार्यभार संभालेंगी।
वर्कशॉप में देश-विदेश के प्रमुख विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा। इनमें टेमास्क पॉलिटेक्निक, सिंगापुर से सुरोजित दत्ता, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, पंजाब से डॉ. राज सिन्हा, टेक्नो मैन, कोलकाता से डॉ. प्रसनजीत चक्रवर्ती, डॉ. केएन मोदी यूनिवर्सिटी, जयपुर से डॉ. सन्नु प्रिया, और ज्योति विद्यापीठ वीमेंस यूनिवर्सिटी, जयपुर से जस्टिंदर कौर शामिल हैं।
कॉलेज प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ. कुमार सौरव ने बताया कि यह वर्कशॉप स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी शोधार्थियों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में रिसर्च प्रोजेक्ट और तकनीकी शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग का महत्व तेजी से बढ़ रहा है।
डॉ. शर्मा ने बताया कि वर्कशॉप का उद्देश्य प्रतिभागियों को नवीनतम शोध तकनीकों और संभावनाओं से परिचित कराना है, जिससे वे अपने अनुसंधान कार्य में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकें।