झामुमो नेता राजेश मंडल की पत्नी नगर परिषद अध्यक्ष चुनाव में आजमाएंगी भाग्य

IMG-20221122-WA0079
गोड्डा। हालांकि नगर निकाय चुनाव की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन नगर परिषद अध्यक्ष का ताज पहनने की प्रत्याशा में भावी प्रत्याशियों ने अपने पत्ते खोलने प्रारंभ कर दिए हैं। राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के अनेक दिग्गजों ने अपना पत्ता खोलते हुए अपनी पत्नी की उम्मीदवारी घोषित कर दी है। इस क्रम में एक ताजा नाम झारखंड मुक्ति मोर्चा की केंद्रीय समिति के सदस्य राजेश मंडल की पत्नी अनीता देवी का भी नाम नगर परिषद अध्यक्ष के भावी उम्मीदवार में शुमार हो गया है। राज्य सरकार द्वारा जारी आरक्षण सूची के अनुसार गोड्डा नगर परिषद अध्यक्ष का पद अन्य कोटि की महिला के लिए आरक्षित किया गया है। जाहिर है चुनाव के बाद नगर परिषद अध्यक्ष की कुर्सी पर कोई महिला ही आसीन होंगी।
नगर परिषद अध्यक्ष चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे अनेक पुरुष उम्मीदवारों को आरक्षण सूची जारी होने के बाद धक्का लगा है। बदली परिस्थिति में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे पुरुष उम्मीदवारों ने अपनी पत्नी को चुनाव लड़ाने का मन बना लिया है। नगर परिषद के वर्तमान अध्यक्ष जितेंद्र कुमार उर्फ गुड्डू मंडल ने अपनी पत्नी जुली कुमारी को चुनावी जंग में उतारने की पूरी तैयारी कर ली है। वहीं नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह की पत्नी रेणु सिंह के भी चुनाव लड़ने की पुरजोर चर्चा है। नगर परिषद की वर्तमान उपाध्यक्ष बेणु चौबे एवं पूर्व उपाध्यक्ष नूतन तिवारी भी आगामी चुनाव में अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की तैयारी कर चुकी हैं। सोशल मीडिया के चर्चित नाम अमित सिंह अपनी पत्नी सोनम मिश्रा एवं शहर के चर्चित आंदोलनकारी नेता सौरभ पराशर उर्फ बच्चू झा अपनी पत्नी नीलम देवी को नगर परिषद अध्यक्ष का ताज पहनाने के लिए चुनावी जंग में उतारने की तैयारी कर रहे हैं। अभी कई और नामों का खुलासा होना बाकी है। संभावना जताई जा रही है कि नगर परिषद अध्यक्ष के चुनावी मैदान में एक दर्जन से अधिक उम्मीदवार भाग्य आजमाएंगे।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष सह पार्टी के केंद्रीय समिति के सदस्य राजेश मंडल ने बताया कि समाज एवं पार्टी नेताओं के दबाव में उनकी पत्नी अनीता देवी ने चुनाव लड़ने का मन बना लिया है। जुझारू नेता के रूप में चर्चित राजेश मंडल ने आज सजातीय शौंडिक समाज के अध्यक्ष अंगद मंडल से मुलाकात कर चुनाव में अपने समाज का समर्थन मांगा। इस संबंध में अध्यक्ष पद की भावी उम्मीदवार अनीता देवी की ओर से समाज के अध्यक्ष को समर्थन के लिए पत्र भी लिखा गया है। अनीता देवी की उम्मीदवारी की दावेदारी से चुनाव रोचक होने की संभावना तेज हो गई है। अनीता देवी की उम्मीदवारी से नगर परिषद के वर्तमान अध्यक्ष जितेंद्र कुमार उर्फ गुड्डू मंडल को थोक में मिलने वाला सजातीय वोट बंटने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।बहरहाल, चुनाव की घोषणा होने से पहले ही चुनाव मैदान में उतरने के लिए कमर कस चुके अनेक उम्मीदवारों ने मतदाताओं से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। नगर परिषद अध्यक्ष जितेंद्र कुमार उर्फ गुड्डू मंडल की पत्नी जुली कुमारी तथा नगर परिषद उपाध्यक्ष बेणु चौबे मतदाताओं का समर्थन हासिल करने के लिए जनसंपर्क अभियान शुरू कर चुकी हैं। अपनी पत्नी के लिए समर्थन जुटाने के उद्देश्य सौरभ पराशर उर्फ बच्चू झा भी मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/dmzl

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *