विधायक के प्रभार वाले सलोनी जिला के 5 में से 4 सीटों पर मिली कांग्रेस को जीत
गोड्डा। हिमाचल प्रदेश की जनता ने पुराना इतिहास बरकरार रखते हुए एक बार फिर कांग्रेस को सत्ता की चाबी सौंप दी है। राज्य विधानसभा चुनाव का परिणाम घोषित हो गया है और कांग्रेस पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिल गया है। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की जीत में अखिल भारतीय कांग्रेस समिति की सचिव सह झारखंड के गोड्डा जिला अंतर्गत महागामा की विधायक दीपिका पांडेय सिंह का भी अहम योगदान रहा। पार्टी की ओर से उन्हें सलोनी जिले की जिम्मेवारी सौंपी गई थी। उनके प्रभार वाले सलोनी जिले की 5 में से 4 विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने विजय पताका फहराया।
भारतीय जनता पार्टी के भरपूर प्रयास के बावजूद हिमाचल प्रदेश की जनता ने पुराने रिवाज को बदलने नहीं दिया। इस पहाड़ी राज्य का करीब चार दशक से इतिहास रहा है कि जनता एक बार कांग्रेस को, तो दूसरी बार भाजपा को बहुमत देती रही है। हालांकि भाजपा ने इस परिपाटी को बदलने के लिए इस बार भरदम प्रयास किया। लेकिन राज्य की जनता ने भाजपा के मंसूबे को कामयाब नहीं होने दिया। कांग्रेस के प्रमुख चेहरे राहुल गांधी के चुनावी परिदृश्य से करीब करीब बाहर रहने के बावजूद राज्य में चुनाव को लेकर बनाई गई पार्टी की रणनीति काफी कारगर साबित हुई।
दरअसल, पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के प्रमुख चेहरे राहुल गांधी के चुनाव प्रचार अभियान से दूर रहने के बावजूद हिमाचल प्रदेश की सत्ता पर फिर से काबिज होने के लिए खास रणनीति बनाई गई थी। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के 11 सचिवों को एक-एक जिला की जिम्मेवारी सौंपी गई थी। पत्रकारिता से राजनीति में आए पूर्व सांसद राजीव शुक्ला ने बतौर हिमाचल प्रदेश के प्रभारी के रूप में और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पर्यवेक्षक के रुप में पार्टी की रणनीति को परवान चढ़ाने में अहम भूमिका का निर्वाह किया। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति की सचिव सह महागामा की विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने अपने प्रभार वाले सलोनी जिले में सघन जनसंपर्क अभियान चलाकर पार्टी की झोली में 5 में से 4 सीटें डालकर भाजपा के मंसूबे में पलीता लगाने का काम किया।वहीं एक सीट निर्दलीय के खाते में गई।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा डंके की चोट पर कह रही थी कि पुनः भाजपा की सरकार आ कर इतिहास रचेगी। परंतु भारतीय जनता पार्टी का सपना हिमाचल प्रदेश में पूरा नहीं हो सका। कांग्रेस ने भाजपा को पटकनी देते हुए जीत का परचम लहराया।
बताते चलें कि हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान विधायक दीपिका पांडेय सिंह के द्वारा अपने पार्टी की जीत की सुनिश्चित करने के लिए डोर टू डोर जनसंपर्क चलाते हुए अपनी पार्टी के लिए वोट मांगा था। साथ ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनावी रैली एवं चुनावी सभा की गई थी।
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की जीत से विधायक श्रीमती पांडेय ने लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनता जनार्दन की जीत है। भाजपा के कुशासन की हार है।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/3l0x