कर्नाटक। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता मणिकांत राठौड़ को ‘‘अन्न भाग्य योजना’’ के लिए निर्धारित चावल की चोरी करने के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।शाहपुर पुलिस ने राठौड़ को जिला मुख्यालय कलबुर्गी स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया। सूत्रों ने बताया, ‘‘मणिकांत को यादगीर जिले के शाहपुर में एक सरकारी गोदाम से दो करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के 6077 क्विंटल चावल की चोरी के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।” भाजपा नेता को पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन उन्होंने पूछताछ की अनदेखी की। इसके चलते पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
राठौड़ ने 2023 का विधानसभा चुनाव भाजपा के टिकट पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पुत्र प्रियांक खड़गे के खिलाफ लड़ा था और वह हार गए थे। अन्न भाग्य योजना के तहत समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रत्येक परिवार के सदस्य को हर महीने 10 किलोग्राम खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है।
ऐसा पहली बार नहीं है कि मणिकांत राठौड़ का नाम किसी विवाद से जुड़ा हो। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने चित्तपुर से मणिकांत राठौड़ को अपना उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले उन्हें कलबुर्गी से एक साल के लिए निर्वासित कर दिया गया था।48 वर्षीय मणिकांत राठौड़ के खिलाफ कलबुर्गी सहित कर्नाटक के कई जिलों में लगभग 40 आपराधिक मामले दर्ज हैं। मणिकांत राठौड़ के खिलाफ आरोपों में हत्या, ड्रग्स और नशीले पदार्थों की तस्करी, आपराधिक धमकी और अवैध रूप से हथियार रखना शामिल है। मणिकांत राठौड़ को तीन मामलों में दोषी भी ठहराया गया है, जिनमें से एक के लिए उन्हें एक साल की कैद हुई थी और 10,000 रुपये का जुर्माना भरने को कहा गया था। मणिकांत राठौड़ को आखिरी बार पिछले साल नवंबर में मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।