यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने भारत को दूसरे यूक्रेन शांति शिखर सम्मेलन की मेज़बानी के लिए प्रस्तावित किया है। शुक्रवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस संदर्भ में बातचीत की। ज़ेलेंस्की ने कहा कि ग्लोबल साउथ के देशों में से भारत इस शिखर सम्मेलन का मेज़बान हो सकता है।
जून में स्विट्ज़रलैंड के ल्यूसेर्न के पास आयोजित हुए पहले शांति शिखर सम्मेलन में 90 से अधिक देशों और वैश्विक संस्थानों ने भाग लिया था, जिसका मुख्य उद्देश्य यूक्रेन में शांति स्थापित करना था।
ज़ेलेंस्की ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को भारत में शांति शिखर सम्मेलन आयोजित करने का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा, “दूसरे शांति शिखर सम्मेलन का आयोजन ग्लोबल साउथ के किसी देश में होना चाहिए, और भारत इसके लिए एक प्रमुख उम्मीदवार हो सकता है।”
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिखर सम्मेलन की मेज़बानी उसी देश में हो सकती है जिसने पिछली बार के शांति शिखर सम्मेलन के घोषणा पत्र का समर्थन किया हो। भारत ने पिछले शिखर सम्मेलन में भाग लिया था, लेकिन उसने घोषणा पत्र से खुद को अलग रखा था।
प्रधानमंत्री मोदी ने ज़ेलेंस्की से कहा कि यूक्रेन और रूस को जल्द से जल्द युद्ध समाप्त करने के लिए बातचीत करनी चाहिए और भारत इस क्षेत्र में शांति बहाल करने में “सक्रिय भूमिका” निभाने के लिए तैयार है।
ज़ेलेंस्की ने कहा कि भारत का यूक्रेन की संप्रभुता और भौगोलिक अखंडता का समर्थन महत्वपूर्ण है और सभी देशों को संयुक्त राष्ट्र चार्टर का समान रूप से सम्मान करना चाहिए।