गोड्डा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खतियानी जोहार यात्रा के क्रम में 15 दिसंबर को गोड्डा आ रहे हैं। जिला मुख्यालय के मेला मैदान में आयोजित सभा को बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे।मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारी में झामुमो समेत महागठबंधन के नेता लग गए हैं। गुरुवार को कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव एवं झामुमो की केंद्रीय समिति के सदस्य राजेश मंडल की अगुवाई में महागठबंधन के नेताओं ने मेला मैदान का मुआयना किया। मौके पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष दिनेश यादव, झामुमो के जिलाध्यक्ष वासुदेव सोरेन, प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव विकास सिंह आदि मौजूद थे। मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर सभा स्थल पर मंच बनाने की तैयारी की जा रही है।