दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र में घटित लूट और गोलीबारी की गंभीर घटना में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस कांड के मुख्य आरोपी ललिकान्त कुमार उर्फ छोटू कुमार (उम्र 21 वर्ष), पिता- विनोद कुमार उर्फ बिहारी यादव, ग्राम- जोकैला, थाना- सरैयाहाट को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, खोखा और लूटी गई मोटरसाइकिल सहित मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
घटना 25 मई 2025 को शाम करीब 8:40 बजे की है, जब वादी बासुदेव (पिता- स्व. छेदन यादव), निवासी नया लोहमड़वा, थाना सरैयाहाट, अपने साथी राजीव रंजन के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम सदलपुर काली मड़प के पास आरोपी छोटू कुमार और उसके एक अज्ञात साथी ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर गाली-गलौज करते हुए बाइक छीनने की कोशिश की और पैसों की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर गोली चला दी।
इस मामले में सरैयाहाट थाना कांड संख्या 90/2025, दिनांक 29.05.2025 को भारतीय दंड संहिता की धारा 309(5) और 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दुमका के निर्देश पर जर्मुण्डी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
गुप्त सूचना के आधार पर 29 मई को ढोलगढिया पुल के पास से आरोपी छोटू कुमार को घटना में प्रयुक्त काले रंग की बिना नंबर की TVS मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया। थाना में गहन पूछताछ के दौरान उसने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर छापेमारी कर घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल, पाँच जिंदा कारतूस (7.65 mm), एक खोखा (7.65 mm) और नारजो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया।
अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस कांड में शामिल अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
बरामद सामग्रियों का विवरण:
एक देशी पिस्टल
पाँच जिंदा कारतूस (7.65 mm)
एक खोखा (7.65 mm)
एक काला रंग का बिना नंबर का TVS मोटरसाइकिल
एक नारजो कंपनी का स्किन टॉर्च मोबाइल