सीएम के खतियानी जोहार यात्रा की सफलता के लिए महागठबंधन के नेताओं के साथ की बैठक
खतियानी जोहार यात्रा के तहत मुख्यमंत्री कल करेंगे आम सभा
गोड्डा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के 15 दिसंबर को प्रस्तावित गोड्डा दौरे के मद्देनजर झारखंड मुक्ति मोर्चा समेत महागठबंधन की ओर से जोरदार तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री की सभा के लिए जिला मुख्यालय के मेला मैदान में मंच का निर्माण कराया जा रहा है। मंगलवार को राजमहल के सांसद सह झामुमो की केंद्रीय समिति के महासचिव विजय हांसदा, विनोद पांडेय एवं अन्य नेताओं ने सभा स्थल का मुआयना किया। साथ ही परिसदन में झामुमो समेत महागठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री के दौरे की सफलता को लेकर मंथन किया।
खतियानी जोहार यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को गोड्डा आएंगे। यहां मेला मैदान में उनकी आमसभा प्रस्तावित है। झामुमो एवं महागठबंधन के नेताओं द्वारा सभा स्थल के निर्माण से लेकर सभा में भीड़ जुटाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। तैयारी का निरीक्षण करने के उद्देश्य मंगलवार को राजमहल के सांसद सह झामुमो की केंद्रीय समिति के महासचिव विजय हांसदा, झामुमो महासचिव सह राज्य सरकार द्वारा गठित समन्वय समिति के सदस्य विनोद पांडेय एवं फागु बेसरा गोड्डा पहुंचे। नेताओं ने सभा स्थल का मुआयना किया। मौके पर झामुमो के जिला अध्यक्ष वासुदेव सोरेन, पार्टी की केंद्रीय समिति के सदस्य राजेश मंडल एवं घनश्याम यादव समेत पार्टी के अन्य प्रमुख स्थानीय नेता मौजूद थे। स्थानीय नेताओं ने पार्टी की केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर की जा रही तैयारी की जानकारी दी।
झामुमो सांसद एवं केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों ने स्थानीय परिसदन में महागठबंधन के नेताओं के साथ भी मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर आवश्यक विचार विमर्श किया। मौके पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष दिनेश यादव, पूर्व स्थानीय विधायक सह राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश समिति के प्रधान महासचिव संजय यादव के साथ झामुमो नेताओं ने मंत्रणा की। सरकार में शामिल महागठबंधन के नेताओं के साथ झामुमो नेताओं ने अलग-अलग बैठक कर रैली की तैयारी की समीक्षा की। मुख्यमंत्री की सभा में ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटाने को लेकर झामुमो समेत महागठबंधन के नेताओं को जिम्मेवारी सौंपी गई।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/jw3n