बायोडाटा संग्रह के दौरान विकास भवन में जमी रहीं विधायक दीपिका पांडेय सिंह
गोड्डा। शनिवार को जिला मुख्यालय में बेरोजगारों का हुजूम उमड़ा। महागामा की कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह के आह्वान पर जिले के बेरोजगार अदानी कंपनी में रोजगार की आशा से बायोडाटा जमा करने के लिए पहुंचे थे। बेरोजगारों की भीड़ के कारण शहर की ट्रैफिक व्यवस्था अस्त व्यस्त रही। कुछ महिलाएं अपनी गोद में छोटे बच्चों को लेकर, तो कुछ महिलाएं अपने छोटे नासमझ बच्चों का हाथ पकड़कर विकास भवन में बायोडाटा जमा करने के लिए भागदौड़ कर रही थीं। बायोडाटा जमा करने के लिए जिले भर के कोने-कोने से पहुंचे युवाओं के चेहरे पर विधायक दीपिका की हुंकार से अदानी पावर प्लांट में नौकरी मिलने की आशा झिलमिला रही थी। दिन के 10 बजे से प्रारंभ बायोडाटा संग्रह कार्यक्रम अपराह्न 4 बजे समाप्त हुआ। इस दौरान 7789 शिक्षित बेरोजगारों ने जिला में स्थित अदानी पावर प्लांट में नौकरी मिलने की प्रत्याशा में बायोडाटा जमा किया।
बेरोजगारों के मेला के बीच जगह जगह कांग्रेसी झंडा भी लहरा रहा था। विधायक श्रीमती पांडेय की राजनीतिक कर्मभूमि महागामा क्षेत्र से काफी संख्या में आए कांग्रेस कार्यकर्ता व्यवस्था के मोर्चे पर डटे हुए थे।बेरोजगारों का बायोडाटा संग्रह के लिए विधायक समर्थक काफी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता भी मुस्तैद थे। जिला नियोजनालय के पदाधिकारी एवं कर्मी भी निबंधन के लिए लगे हुए थे।
दरअसल, राज्य सरकार ने निजी कंपनियों में 40 हजार तक की पगार वाले नौकरियों में स्थानीय बेरोजगारों के लिए 75 प्रतिशत स्थान आरक्षित करने का कानून बनाया है। इस कानून को अमली रूप देने के लिए महागामा की तेजतर्रार विधायक दीपिका पांडेय सिंह लग गई हैं। जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर मोतिया में अदानी पावर प्लांट का निर्माण करीब-करीब पूरा हो गया है। एक माह बाद इस पावर प्लांट में बिजली उत्पादन भी प्रारंभ हो जाएगा। ऐसी स्थिति में अदानी पावर प्लांट में राज्य सरकार के कानून के अनुरूप स्थानीय लोगों को नियोजित कराने के लिए विधायक श्रीमती पांडेय ने मोर्चा खोल दिया है। बायोडाटा संग्रह अभियान विधायक के आह्वान पर ही प्रारंभ हुआ। गोड्डा स्थित विकास भवन में स्थानीय बेरोजगार युवाओं के द्वारा बायोडाटा जमा किया गया।इसी के तहत इस प्लांट में भी स्थानीय युवाओं को नौकरी दिलाने का प्रयास किया जा रहा हैं। विधायक श्रीमती पांडेय सिंह ने स्थानीय कंपनियों में युवाओं के रोजगार हेतु पहल करते हुए शनिवार को गोड्डा डीआरडीए कार्यालय परिसर में इच्छुक युवाओं का खुद अपने से बायोडाटा कलेक्ट कर संग्रहित किया । विधायक ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में हमारे यहां के युवाओं को 75 प्रतिशत रोजगार देने की बात है।कोविड-19 के चलते दो साल तक हम लोग अच्छे से काम नहीं कर पाए हैं। जितने भी पद खाली हैं, उसे जल्द ही भरा जाएगा।जिस पर सरकार काम कर रही है।विधायक ने कहा कि आप लोग देख रहे हैं जेपीएससी की परीक्षाएं लगातार हो रही है।
विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में डबल इंजन की जो सरकार थी, वो कई सारे नीतिगत फैसले नहीं ले पाई।लेकिन हमारी सरकार ऐसी नीति बना रही है, जो युवाओं के हित में होगा और झारखंडी के हित में होगा।झारखंड के युवाओं को दूसरे राज्यों में जाने की आवश्यकता नहीं है।उनको यहीं रोजगार दिया जायेगा,ताकि वो अपने परिवार के बीच में रहे। गोड्डा में अडानी का प्लांट लगने से प्रदूषण यहां पर काफी बढ़ा, जो बिजली उत्पादन प्रारंभ होने पर और बढ़ेगा। लेकिन हमने इसका विरोध नहीं किया, क्योंकि इस प्लांट से स्थानीय लोगों का जुड़ाव है।
विधायक के साथ बेरोजगारों ने ली सेल्फी
बायोडाटा संग्रह अभियान के दौरान पहुंचे बेरोजगारों की भीड़ के दौरान काफी संख्या में युवक विधायक के साथ सेल्फी लेने के लिए उतावले थे। इससे विधायक श्रीमती पांडेय की लोकप्रियता दृष्टिगोचर हो रही थी। अदानी पावर प्लांट में नौकरी मिलने की उम्मीद में आए बेरोजगारों की आशा भरी निगाहें विधायक पर टिकी हुई थी। यह वक्त ही बताएगा कि बेरोजगारों की उम्मीद पर विधायक किस हद तक खरा उतर पाती हैं। हालांकि विधायक ने बेरोजगारों को आश्वासन अवश्य दिया। आश्वासन का घूंट पीते हुए बेरोजगार बायोडाटा जमा कर भविष्य में नौकरी संबंधी सुखद खबर मिलने की आशा में वापस अपने घर लौट गए।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/mqtn