ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन के बैनर तले किया गया एक दिवसीय धरना प्रदर्शन 

IMG-20221207-WA0013


पाकुड़।  पाकुड़ रेलवे स्टेशन परिसर में मंगलवार को पूर्व रेलवे हावड़ा मंडल के द्वारा पाकुड़ के रेल यात्रियों के साथ किए जा रहे सौतेले व्यवहार को लेकर ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन हावड़ा मंडल-सह-पाकुड़ के बैनर तले आम लोग रेलवे प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन हावड़ा मंडल के बैनर तले आम से लेकर खास लोगों ने शहर के पाकुड़ रेलवे स्टेशन परिसर में रेल यात्रियों को सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर ईजरप्पा के अध्यक्ष हिसाबी राय की अध्यक्षता में एक दिवसीय धरना दिया। धरना में मुख्य रूप से पाकुड़ विधानसभा के ईजरप्पा के सचिव राणा शुक्ला, पूर्व विधायक अकील अख्तर, नगर परिषद अध्यक्ष सम्पा साहा, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष बाबूधन मुर्मू समेत बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के अलावा महिलाओं तथा युवाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। धरना में बैठे लोगों ने इस दौरान रेल यात्रियों की सुविधा बहाल करने की मांग को लेकर गगनभेदी नारे भी लगाए। धरना में मौजूद पाकुड़ विधानसभा के पूर्व विधायक अकील अख्तर ने रेलवे प्रशासन की बेरुखी पर रोष जाहिर करते हुए कहा कि रेल के द्वारा हमेशा ही इस रेलखंड को यात्री सुविधा से वंचित रखा गया है। यह सही है कि कोरोना काल में देश अस्त-व्यस्त था, जिससे रेल भी अछूता नहीं था। लेकिन आज पूरे भारत वर्ष में रेलवे परिचालन को सामान्य कर दिया गया है। लेकिन रामपुरहाट साहिबगंज पाकुड़ रेलखंड की व्यवस्था को पूर्व रेलवे के द्वारा अस्त-व्यस्त कर दिया गया है तथा सभी लोकल ट्रेनों को बंद कर दिया गया है, जो एक चिंतनीय विषय है। पाकुड़ की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। इस एकदिवसीय धरने में उमड़े जनसैलाब इस बात का परिचायक है कि कहीं ना कहीं इस रेलखंड को यात्री सुविधाओं से वंचित रखने से जनाक्रोश है। अगर पूर्व रेलवे के पदाधिकारियों इससे सबक नहीं लेते हैं तो आने वाले समय में पाकुड़ की जनता उग्र आंदोलन को बाध्य होगी। धरना में उपस्थित नगर परिषद की अध्यक्ष सम्पा साहा ने कहा कि जनहित में रेल यात्रियों की सुविधा को लेकर जनहित में ईजरप्पा का धरना देना तथा रेल समस्याओं को समय-समय पर रेल के वरीय पदाधिकारियों तक पहुंचाना यह एक सराहनीय कदम है। ईजरप्पा सदैव ही रेल समस्याओं को लेकर उसके निदान के लिए प्रयासरत रहती है और आज पाकुड़ स्टेशन का लगातार आधुनिकीकरण की ओर अग्रसर होना यह ईजरप्पा की ही देन है। उन्होंने कहा कि पाकुड़ रेलवे स्टेशन की उपेक्षा हमेशा से होती आई है, लेकिन अब इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष बाबुधन मुर्मू ने कहा कि हावड़ा मंडल के अंतर्गत पाकुड़ रेलवे स्टेशन राजस्व के मामले में द्वितीय स्थान पर आता है। लेकिन रेल गाड़ियों के ठहराव तथा गाड़ियों के विस्तारीकरण इत्यादि मामलों में यह फिसड्डी रहा है। रेल के वरीय पदाधिकारियों ने पाकुड़ रेल यात्रियों को सिवाय आश्वासन के कुछ नहीं दिया जो एक गंभीर विषय है। साथ ही पिछड़े और गरीब क्षेत्र के रेल यात्रियों के जेब पर पूर्व रेलवे के द्वारा डाका डाला जा रहा है, क्योंकि आज भी कोरोना के समय बढ़े हुए लोकल ट्रेनों में स्पेशल ट्रेन के नाम पर एक्सप्रेस ट्रेनों का भाड़ा लिया जा रहा है। आज के इस एक दिवसीय धरना के उपरांत यदि हमारी मांगों को पूर्व रेलवे के द्वारा अनदेखा किया जाएगा तो हम चरणबद्ध आंदोलन को बाध्य होंगे। वही धरना का नेतृत्व कर रहे ईजरप्पा के अध्यक्ष हिसाबी राय ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व रेलवे हावड़ा मंडल के द्वारा पाकुड़ के रेल यात्रियों के साथ किए जा रहे सौतेले व्यवहार से हम लोग पूरी तरह से आहत है। एक ओर जहां रेलवे का आधुनिकरण किया जा रहा है, तो वहीं दूसरी ओर देखा जाए तो पाकुड़ की जनता को पाषाण युग में जीवन जीने को मजबूर किया जा रहा है। हाल के वर्षों में यदि देखा जाए तो रेलवे प्रशासन ने पाकुड़ की रेल यात्रियों को सुविधा दिलाने के नाम पर सिर्फ और सिर्फ कोराआश्वासन ही दिया है। रेल की अधिकारी हर बार पाकुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचते हैं और जब यात्री सुविधा की बात की जाती है, तब कुछ ना कुछ बहाना बनाकर इसे नजरअंदाज करते हैं। लेकिन अब पाकुड़ रेलवे स्टेशन की अपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी हम लोग शांति के मार्ग पर चलते हुए अपनी बातों को उचित फोरम तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। वही धरना के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए ईजरप्पा के सचिव राणा शुक्ला ने बताया कि दोपहर में रामपुरहाट से साहिबगंज इएमयू लोकल ट्रेन को चलाने, सियालदह रामपुरहाट मां तारा एक्सप्रेस का पाकुड़ तक मार्ग विस्तार करने, बर्धमान मालदा लोकल ट्रेन को पुनः चालू करने, रेल यात्रियों से लोकल ट्रेन में एक्सप्रेस ट्रेनों का किराया वसूलना बंद करने, सरायघाट एक्सप्रेस एवं बेंगलुरु गुवाहाटी एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव पाकुड़ में करने, साहिबगंज से रामपुरहाट की संध्या प्रहर चलने वाली लोकल ट्रेन का समय परिवर्तन करने समेत अन्य मांगों को लेकर आज धरना दिया गया और धरना के बाद इन मांग को लेकर मंडल प्रबंधक के नाम एक ज्ञापन रेलवे स्टेशन प्रबंधक पाकुड़ देवीधन हेंब्रम को सौंपा गया। ज्ञापन सौंपने के क्रम में यातायात निरीक्षक ज्योतिर्मयी साहा मौजूद थे। मांग पत्र सौंपने के उपरांत स्टेशन रेल प्रबंधक श्री हेंब्रम ने कहा कि इजरप्पा के द्वारा दिए गए मांग पत्र को में आज ही अपने वरीय पदाधिकारी को अग्रसारित कर दूंगा। इस धरना कार्यक्रम में लायंस क्लब चेंबर ऑफ कॉमर्स के ब्रजमोहन साह, अधिवक्ता मंच के धर्मेंद्र कुमार सिंह, संजीत मुखर्जी, अशराफुल शेख, अजय कुमार यादव, आशु के जिलाध्यक्ष आलमगीर आलम, सीपीआईएम के मानिक दुबे, युवा जनता दल के जिलाध्यक्ष अमन भगत, झारखंड मुक्ति मोर्चा के नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह, अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष सादेकुल आलम, बहादुर मंडल, अक्षय मंडल, पुरुषोत्तम राय, शकील अंसारी, रफीकुल शेख, सुशील साहा, दिलीप सिंह, अनिकुल शेख, मुरारी मंडल, सोहन मंडल, शिशु मंडल, रविंद्र नाथ मंडल, तन्मय पोद्दार, नंदन सिंह, मुरसलिम शेख, अलीम शेख, गुलाम अंबिया, जियाउल शेख, अब्दुल शेख, जहांगीर शेख, मोनी कुमार सिंह, पीयूष दुबे सहित सैकड़ों की संख्या में पाकुड़ के आमजन मौजूद थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/dyhr

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *