गोड्डा। एनसीडी सेल द्वारा मंगलवार को उत्क्रमित उच्च विद्यालय भतखोरिया, ठाकुर गंगटी में तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जागरूकता कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के प्रिंसिपल और शिक्षक की उपस्थिति में सीएचओ शांति खलखो, अलका तिग्गा, शवेता तिर्की और अंशु सुनीता के द्वारा तंबाकू का सेवन करने से होने वाले सामाजिक, शारीरिक और आर्थिक दुष्प्रभाव की जानकारी दी गयी। इसके अलावा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन कर विजेताओं के बीच पुरस्कार वितरण किया गया। इसके साथ ही तंबाकू निषेध शपथ के द्वारा तंबाकू त्यागने और प्रयोग न करने के लिए बच्चों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मानसिक स्वास्थ्य कार्यशाला के तहत बच्चों को मोबाइल के बेजा इस्तेमाल, मानसिक अवसाद, आत्महत्या की बढ़ती प्रवृति आदि सामयिक विषयों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें इन खतरों के प्रति सचेत भी किया गया। इसके अलावा स्कूल के बाहर 100 गज की दूरी पर बेचे जाने वाले नशीले पदार्थों को रोकने के लिए दुकानदारों के बीच जागरूकता लाने का भी प्रयास किया गया।