पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश को तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ाया : खरगे
आज देश में जो कुछ भी दिख रहा है, सब कांग्रेस की देन है : मल्लिकार्जुन खरगे
खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा मंहगाई और बेरोजगारी के विरुद्ध है। मोदी साहब ने हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया था। क्या यह पूरा हुआ। कन्याकुमारी से कश्मीर तक देश में 50 लाख पद खाली हैं। युवाओं को स्थाई बहाली चाहिए। अग्निवीर में चार वर्ष देश की सेवा करने के बाद युवा क्या पकोड़े तलेंगे। खरगे ने कहा देश की आर्थिक स्थिति कमजोर होती जा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, वे हमेशा कहते हैं कि कांग्रेस पार्टी ने 70 सालों में क्या किया है, यदि कांग्रेस 70 सालों में कुछ नहीं करती तो मोदीजी, आप देश के प्रधानमंत्री नहीं होते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जम्हूरियत को बचाया, कांग्रेस ने संविधान को बचाया। सब कुछ कांग्रेस ने किया। पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश को तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ाया।खड़गे ने सवाल किया, एम्स, आईआईटी, इतने सारे इंजीनियरिंग कॉलेज किसके हैं? सब इस देश के हैं और इनका निर्माण कांग्रेस की सरकारों ने करवाया। उन्होंने कहा, आज देश में जो कुछ भी दिख रहा है, सब कांग्रेस की देन है ना कि भाजपा की। जिनको हमने इंजीनियर बनाया आपने उनको गुमराह किया है। एक-दूसरे के खिलाफ समाज को तोड़ना, धर्म के नाम पर लड़ाना, यही भाजपा का काम है।खड़गे ने कहा, हजारों पद रिक्त हैं, लेकिन मोदी सरकार युवाओं को नौकरी नहीं दे रही है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि वे महंगाई कम करेंगे, विदेशों से काला धन वापस लाएंगे, हर साल दो करोड़ नौकरियां देंगे, जबकि अब महंगाई और बेरोजगारी से पूरा देश त्रस्त है।
बोधगया में राहुल गांधी होंगे शामिल
मंदार से निकली यात्रा आज 7 किलोमीटर की दूरी तय कर बाराहाट में रात्रि विश्राम करेगी। इसके बाद हर रोज 22 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा बांका के बाद 7 जनवरी की शाम भागलपुर में प्रवेश करेगी। इसके बाद खगड़िया समेत अन्य जिलों को क्रॉस करते हुए कुल 1250 किलोमीटर दूरी तय कर बोधगया पहुंचेगी। बोधगया में राहुल गांधी भी शामिल होंगे।
सोनिया और प्रियंका होंगे पटना में शामिल
जब पटना से यात्रा गुजरेगी तो सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी यात्रा में शामिल होंगे। इसमें नीतीश, तेजस्वी समेत महागठबंधन के अन्य नेताओं को भी यात्रा से जुड़ने का आमंत्रण दिया है। सभी जिला के जिलाध्यक्ष इसको लेकर तैयारी पूर्ण कर लिए हैं। सभी जिले के लोग इसमें शामिल होंगे। यात्रा को सफल बनाने के हर सम्भव प्रयास किया जा रहा है।
यात्रा रूट
सभा स्थल पर हजारों की संख्या में भीड़ उमड़ पड़ी। अध्यक्ष को यहां तक पहुंचाने में प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मंच पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का गेंदा-गुलाब व मखाना के माला से स्वागत किया गया। इसके बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने सभा को संबोधित किया।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/5q81