दुमका। झारखंड की उपराजधानी दुमका में बड़ी दुर्घटना हुई है जिसमें सात यात्री गंभीर रूप से घायल हो गये। जानकारी के अनुसार गोबिंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाइवे पर खेड़ीबाड़ी लाईन होटल के समीप कोयला ढुलाई में लगे हाइवा और यात्रियों से भरी टेम्पू टकरा गयी।
इस दुर्घटना में टेम्पू में सवार सात यात्री घायल हो गये। दुर्घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने गोपीकांदर थाना पुलिस सूचना दी। सूचना पर पहुँची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीकांदर में भर्ती कराया जहां सभी घायलों को प्राथमिक इलाज किया गया। डॉ. सूरज प्रसाद ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दुमका फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया है।
टेम्पू चालक विनय टुडू ने बताया पाकुड़िया सहरपुर से गोपीकांदर थाना क्षेत्र के रांगा मिशन और बूढ़ीचापड़ गांव के लोगों को लेकर आ रहे थे। खेड़ीबाड़ी लाईन होटल के पास दुमका कोयला रैक से कोयला खाली करके आ रही हाईवा ने अचानक ब्रेक मार दिया जिस कारण यह दुर्घटना हुई।
घायलों में चालक विनेय टुडू (24), मीरू बेसरा (60), डे मरांड़ी (56), झुमरी सोरेन (35), बूधन मुर्मू (40), कॉर्नियलूस बास्की (55), अनीता सोरेन (40) शामिल है। गोपीकांदर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टेम्पू और हाइवा को जब्त कर लिया है।