दिल्ली। कोयला मंत्रालय खुली वैश्विक निविदा के माध्यम से जाने-माने खनन डेवलपर्स सह ऑपरेटरों को नियुक्त करना, घरेलू कोयले के उत्पादन को बढ़ाना तथा आयात पर निर्भरता को कम करना चाहता है। संविदा नियुक्ति की अवधि 25 वर्ष या खदान का जीवन, जो भी कम हो, के लिए है।
सार्वजनिक स्वामित्व की कोयला खनन कंपनी एमडीओ के माध्यम से कार्यान्वयन के लिए कुल 15 ग्रीनफील्ड परियोजनाओं पर नजर रख रही है। इसमें लगभग 20,600 करोड़ रुपये का निवेश होगा, जो मुख्य रूप से भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास और पुर्नस्थापन से जुड़े है और कुछ मामलों में रेलवे साइडिंग पर है।
169 मिलियन टन (एमटी) की कुल रेटेड क्षमता वाली ग्यारह ओपनकास्ट और चार भूमिगत खदानें हैं। ओपनकास्ट परियोजनाओं की क्षमता 165 मीट्रिक टन है, भूमिगत परियोजनाएं शेष को जोड़ती हैं।
एमडीओ स्वीकृत खनन योजना के अनुसार कोयला कंपनियों को कोयले की खुदाई और वितरण करेंगे। एमडीओ पारस्परिक रूप से लाभकारी प्रौद्योगिकी निवेश, आर्थिक रूप से व्यावहारिक संचालन और उत्पादन में वृद्धि को एक साथ लाएंगे। उन्हें दिए गए अनुबंध दीर्घकालिक आधार पर हैं, इसलिए खदान परियोजनाओं में संबंधित बुनियादी ढांचे को भी निजी कंपनियों द्वारा विकसित किया जाएगा। वे अनुंसंधान और विकास, भूमि अधिग्रहण, हरित मंजूरी तथा राज्य और केंद्रीय प्रदूषण बोर्डों के साथ समन्वय की सुविधा देंगे। कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने खदान डेवलपर्स कम ऑपरेटर मोड के माध्यम से नौ कोयला परियोजनाओं के लिए स्वीकृति पत्र जारी किए हैं। संचयी रूप से, इन परियोजनाओं की उत्पादन क्षमता प्रतिवर्ष लगभग 127 मिलियन टन है। शेष छह परियोजनाएं निविदा के विभिन्न चरणों में हैं।
कोयला ब्लॉक नीलामी के लिए 13 जनवरी, 2023 तक भरें निविदाएं
दिल्ली। कोयला मंत्रालय ने 03 नवंबर, 2022 को 141 कोयला खदानों के लिए वाणिज्यिक कोयला खदानों की नीलामी की 6वीं ट्रेंच और 5वीं ट्रेंच के लिए दूसरा प्रयास शुरू किया। मौजूदा ट्रेंच के तहत कोयला खदानों को निवेशक समुदाय की विभिन्न मांगों को देखते हुए चुना गया है। उद्योग के फीडबैक के आधार पर कुछ कोयला खदानों का आकार बदला गया है, ताकि उनका आकर्षण बढ़ाया जा सके। समय-सीमा के अनुसार, निविदादाता 13 जनवरी, 2023 को दोपहर 12ः00 बजे तक इलेक्ट्रॉनिक प्लेटफॉर्म पर ऑनलाइन और उसी दिन अपराहन 16ः00 बजे तक भौतिक रूप से अपनी निविदा जमा कर सकते हैं। ये निविदाएं सोमवार, 16 जनवरी, 2023 को निविदादाताओं के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सुबह 10ः00 बजे खोली जाएंगी।
नॉर्दन कोलफील्ड्स लिमिटेड ओवरबर्डन से एम-सैंड का उत्पादन करेगी
दिल्ली। कोयला उत्पादक मिनिरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) अपनी अमलोहरी परियोजना में सिविल निर्माण कार्यों में उपयोग की जाने वाली मुख्य सामग्री ‘एम-सैंड‘ का उत्पादन प्रारंभ करने के लिए तैयार है। यह पहल प्राकृतिक संसाधनों के अधिकतम उपयोग तथा खनन के प्रतिकूल प्रभाव को कम करने के लिए कोयला मंत्रालय के परामर्श के अंतर्गत सतत व्यवहारों को बढ़ावा देने पर आधारित है। पारिस्थितिकीय संतुलन पर ध्यान केंद्रित करते हुए व्यापार विविधीकरण के लिए कंपनी ने कच्चे माल के रूप में अपने ओवर बर्डन (ओबी) का उपयोग करके एक रेत मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित किया है।
कंपनी की यह पर्यावरण-समर्थक पहल नदी के तल के कटाव का संरक्षण करने तथा जलीय पारिस्थितिकीय तंत्र के संरक्षण में सहायता करेगी। हाल ही में एनसीएल ने संचालन (सीटीओ) के लिए सहमति प्राप्त की है जो एम-सैंड के वाणिज्यिक उत्पादन और नीलामी का मार्ग प्रशस्त करती है। नीलामी अगले महीने प्रारंभ होने की संभावना है।
नीचे कोयला निकालने के लिए 410 मिलियन क्यूबिक मीटर ओवर बर्डन (ओबी) को हटाने की आवश्यकता है। कोयला सीम (परत) के ऊपर की सामग्री को ओवर बर्डन (ओबी) कहा जाता है। यह विशाल मात्रा निकाले जाने वाले कोयले की मात्रा का लगभग 4 गुना है। एनसीएल अपनी 10 खुली खदानों से प्रतिवर्ष 122 मिलियन टन कोयले का उत्पादन करती है। भारी मात्रा में ओवर बर्डन (ओबी) बड़ी जगह घेरती है और यह अपशिष्ट पदार्थ है।
यह अभूतपूर्व पहल कंपनी, सरकार और स्थानीय हितधारकों के लिए लाभकारी है। एनसीएल प्रतिवर्ष लगभग तीन लाख क्यूबिक मीटर एम-सैंड का उत्पादन करेगी और प्रतिदिन 1000 क्यूबिक मीटर रेत बनाने के लिए प्रतिदिन 1429 क्यूबिक मीटर ओवर बर्डन का उपयोग करेगी। उत्पादित ‘एम-सैंड‘ की ई-नीलामी बाजार में वर्तमान में उपलब्ध रेत की तुलना में बहुत सस्ते आधार मूल्य और बेहतर या समान गुणवत्ता पर की जाएगी।
इस संयंत्र के सफल रूप से प्रारंभ होने के बाद, कंपनी विभिन्न उत्पादन परियोजनाओं में एम-सैंड बनाने वाली इकाइयों के लिए इस तरह के और अधिक नवाचारी ओवर बर्डन स्थापित करने पर भी विचार कर रही है। एनसीएल की ऊपरी मिट्टी में सिलिका की अच्छी संरचना होने की पृष्ठभूमि में, सौर पैनल, ग्लास, जीआरपी पाइप तथा अन्य सामग्री बनाने की संभावना का भी पता लगा रही है।
एनसीएल कोल इंडिया लिमिटेड की प्रमुख सहायक कंपनियों में से एक है, जो अपनी 10 अत्यधिक मशीनीकृत खदानों और बिजली क्षेत्र की आवश्यकता को पूरा करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए जानी जाती है। कंपनी क्रमशः मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश राज्यों के सिंगरौली और सोनभद्र जिलों में स्थित है और इसे चालू वित्त वर्ष 2022-23 में 122 मिलियन टन कोयला उत्पादन और डिस्पैच लक्ष्य का काम सौंपा गया है।