क्षेत्र का समग्र विकास ही मेरी एकमात्र प्राथमिकता : बादल पत्रलेख

जरमुंडी में 25.36 करोड़ की लागत से बनवारा से मचकोल तक 7.006 किलोमीटर रोड का निर्माण होगा

आज के कैबिनेट मीटिंग में बनवारा से मचकोल तक सड़क निर्माण कार्य की प्रशासनिक स्वीकृति मिली

IMG-20230110-WA0081
बासुकीनाथ। स्थानीय विधायक सह झारखंड सरकार में कृषि मंत्री बादल पत्रलेख के प्रयास से जरमुंडी में 25.36 करोड़ की लागत से रोड का निर्माण कराया जायेगा। यह रोड बनवारा-बेलदाहा-रायकिनारी मचकोल तक करीब 7.006 किलोमीटर रोड का निर्माण होगा। झारखंड सरकार के पथ निर्माण विभाग से इस पथ का निर्माण होगा। ग्रामीण कार्य विभाग से पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित करते हुए चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण करते हुए पूर्ननिर्माण कार्य किया जायेगा। इस संदर्भ में कृषि मंत्री बादल ने दूरभाष पर जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को राज्य सरकार द्वारा इसकी प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी। पथ निर्माण विभाग की और से सड़क योजना का डीपीआर पूर्व में तैयार कर लिया गया था। इस पथ के बन जाने से इससे जुड़े दर्जनों गांव के हजारों लोगों को जरमुंडी बाजार, प्रखंड मुख्यालय से बेहतर कनेक्टिविटी हो जायेगी। आवागमन सुगम हो जायेगा। इस सड़क निर्माण कार्य में मिटटी कार्य, ग्रेनुलर सबबेस, डब्लूएमएम, डेन्स बिटुमिनस मेकाडम, बिटुमिनस कंक्रीट आदि का रोड में प्रावधान किया गया है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में 1150 लाख एवं 2023-24 में 1386.820 लाख खर्च का भौतिक लक्ष्य रखा गया है। कार्यपालक अभियंता हरेंद्र प्रसाद ने बताया कि जल्द ही इसका निविदा निकाल कर रोड निर्माण का कार्य शुरू किया जायेगा। भू-अर्जन मद में कुल 6,22,97,400 करोड़ रुपये एवं रिहेबलिटेशन में एक करोड़ खर्च का प्रावधान है। कृषि मंत्री ने बताया कि इस रोड के निर्माण होने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का आवागमन इस मार्ग पर सुगम हो जायेगा। यहां के लोगों को रोजगार उपलब्ध होगा। इस पथ के निर्माण को लेकर यहां के ग्रामीण प्रसन्न हैं तथा कृषि मंत्री बादल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके इस कार्यों की प्रशंसा कर रहे हैं।

क्या है इस सड़क की उपयोगिता

जरमुंडी प्रखंड क्षेत्र में बनवारा से मचकोल तक के सड़क मार्ग की क्षेत्रवासियों के लिए बेहद उपयोगिता है। इस सड़क मार्ग से बनवारा, डुमर्थर, मधुपुर, मचकोल तक के आस-पास पड़ने वाले दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों, किसानों, व्यवसायियों, छात्रों का इसी सड़क मार्ग से आवागमन होता है। जरमुंडी के चार पंचायतों को जरमुंडी प्रखण्ड मुख्यालय से जोड़ने वाली यह सड़क बेहद महत्वपूर्ण है। यह सड़क चार पंचायतों के दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों के लिए आवागमन का एक मात्र साधन है। इसके अलावा जरमुंडी प्रखंड क्षेत्र के मधुपुर गांव स्थित प्रसिद्ध निमानाथ मंदिर इसी मार्ग पर स्थित है। इस मंदिर में आने जाने के लिए यात्रियों को इसी मार्ग का उपयोग करते है। इस जर्जर सड़क की वजह से मंदिर आने जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का भी सामना करना पड़ता है। बनवारा से मचकोल तक सड़क निर्माण कार्य की कैबिनेट से स्वीकृति मिलने पर यात्रियों, किसानों, छात्रों व व्यवसायियों ने प्रसन्नता जाहिर किया है। इस मार्ग से रायकिनारी, खरबिल्ला, चोरखेदा, बनवारा पंचायत के मचकोल, मनियारपुर, बेलदाहा, लोहारती, मधुपुर, निमानाथ, डूमरथर, राजा सिमरिया, बनवारा, पहाड़पुर, परीपा, चोरखेदा, डोमनाडीह, रंगाबान्ध, मधुबन, आमगाछि सहित दर्जनों अन्य गांवों के हजारों ग्रामीणों के लिए आवागमन का यही एकमात्र मुख्य मार्ग है।

क्या कहते है ग्रामीण

.जरमुंडी प्रखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध नीमानाथ मंदिर में आवागमन के लिए बनवारा डूमरथर होते हुए जाना पड़ता है। नीमानाथ मन्दिर पहुंचने के लिए यह सड़क काफी जर्जर है। जिससे मंदिर जाने आने में यात्रियों को काफी परेशानी होती है। इस सड़क के निर्माण कार्य की कैबिनेट से स्वीकृति मिलने पर काफी प्रसन्नता हो रही है।
विनोद मिश्रा, पुजारी निमानाथ मन्दिर
 . इस सड़क के जर्जर हो जाने से आवागमन में काफी तकलीफ होती है। बरसात के दिनों में पूरा सड़क कीचड़मय हो जाता है। जिससे आवागमन काफी दुष्कर हो जाता है। इस मार्ग में दो पहिया वाहन से आवागमन काफी खतरनाक है। जर्जर सड़क के कारण कई बार दो पहिया वाहन पंक्चर हो जाता है जिसे ठेल कर मरम्मती के लिए जरमुंडी ले जाना पड़ता है। इससे काफी परेशानी होती है। खासकर छात्र- छात्राओं को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। अब सड़क निर्माण कार्य से लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
लालबाबू मिश्र, समाजिक कार्यकर्ता

क्या कहा कृषि मंत्री 

मैंने ग्रामीणों के साथ किया हुआ अपना वायदा निभाया। क्षेत्र का समग्र व चहुमुखी विकास ही मेरी एकमात्र प्राथमिकता है। इस सड़क के बन जाने से किसान, स्थानीय ग्रामीण, छात्र, व्यवसायी वर्ग सहित सभी लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
बादल पत्रलेख, स्थानीय विधायक सह कृषि मंत्री झारखंड सरकार
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/eazj

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *