जिप सदस्य व मुखिया ने उपायुक्त को आवेदन देकर जांच की मांग थी
कार्यपालक अभियंता ने प्राक्लन अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से सड़क बनाने का दिया निर्देश
बासुकीनाथ। जरमुंडी प्रखंड अंतर्गत शंकरपुर पंचायत के कपड़जोरा गांव में बीती रविवार को ग्रामीणों ने घटिया सड़क निर्माण कार्य को लेकर विरोध जताया था। मामले की जानकारी मिलने पर ग्रामीण विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता सुशील सिन्हा, कनीय अभियंता जनसन कोल आदि के साथ शंकरपुर कपरजोरा गांव पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने घटिया सड़क निर्माण कार्य को लेकर कार्यपालक अभियंता से शिकायत की. कहा ठीक से काम नहीं होने पर विभाग के वरीय अधिकारियों से इसकी शिकायत की जायेगी। मौके पर मौजूद जिप सदस्य शेखर सुमन एवं पंचायत के मुखिया लुखीराम मुर्मु के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अधिकारियों से गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य कराने की बात कही। जिप सदस्य ने बताया कि कपरजोरा, बूढ़ीकुरवा तक ग्रामीण विकास विभाग दुमका के द्वारा सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीण सोनू तिवारी, राजा मिश्रा, विनय चौधरी, विजय चौधरी आदि लोगों ने बताया कि साक्षी इन्टरप्राइजेज के संवेदक को इस सड़क का काम मिला हुआ है, उनके द्वारा बहुत ही खराब काम किया जा रहा है। अभियंता की अनुपस्थिति में काम हो रहा है। कोई देखनेवाला नहीं है। लोगों ने बताया कि लाखों रुपये की लागत से बनने वाला रोड बनने के साथ साथ उखड़ भी रहा है। योजना स्थल पर बोर्ड भी नहीं लगाया गया है। कार्यपालक अभियंता सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे तो पाया गया कि सड़क में अलकतरा नाम मात्र का दिया जा रहा है। सड़क में जो मेटल और चिप्स दिया जा रहा है वह भी गुणवत्तापूर्ण नहीं है। कार्यपालक अभियंता ने प्राक्कलन के अनुसार व गुणवत्तापूर्ण तरीके से सड़क निर्माण कार्य कराने का निर्देश कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि को दिया। इस मौके पर ग्रामीण विनय चौधरी, विजय चौधरी, सुभाष मिश्रा, पांडव मंडल, नूनदेव यादव, पारस मिश्रा, मोती दास, ललन कुमार, मुखिया लखीराम मुर्मू आदि मौजूद थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/92t0