दुमका : चाकूबाजी में एक की मौत, दूसरा गंभीर

रामगढ़ थाना क्षेत्र के लखनपुर में आयोजित काली मेला के दौरान शनिवार शाम दो पक्षों के बीच आपसी विवाद और रंजिश में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि मृतक के साथी को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। मृतक युवक की पहचान निलेश मंडल (25) के रूप में हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक आनंद पंडित (32) है। दोनों युवक रामगढ़ प्रखंड के लखनपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को रामगढ़ सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने के चलते उसे बेहतर इलाज के लिए दुमका फुलों झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक के परिजनों और आक्रोशित लोगों ने शाम 7:30 बजे रामगढ़-गुहियाजोरी सड़क पर शव रखकर विरोधस्वरूप सड़क जाम कर दिया और पुलिस से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

परिजनों का आरोप है कि हत्या के पीछे रामगढ़ थाना क्षेत्र के पातोबांध गांव के कुछ युवकों का हाथ है। इस बीच रामगढ़ थाना प्रभारी शशिकांत साहु ने दलबल के साथ अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान शुरू किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आरोपी फरार थे।

इस घटना के बाद लखनपुर और पातोबांध गांवों में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/k3t4