दुमका जिले के जामा प्रखंड के नावाडीह पंचायत में ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ कार्यक्रम के चौथे चरण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे ने कार्यक्रम का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया गया, जिसमें कई कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा और अब तक प्राप्त शिकायतों के निष्पादन की सूची का अवलोकन किया गया।
उपायुक्त ने लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता शिवा बास्की के साथ मिलकर विभिन्न लाभुकों को लाभ पत्र और सामग्री वितरित की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित आम जनता से भी बातचीत की और योजनाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस कार्यक्रम के तहत, ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई और उनकी समस्याओं का समाधान करने के प्रयास किए गए।
कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा के केन्द्रीय समिति सदस्य शिव कुमार बास्की, प्रखंड सचिव सत्तार खान, और सक्रिय कार्यकर्ता सुरेश सोरेन एवं ललन भंडारी भी प्रमुख रूप से उपस्थित थे। उन्होंने भी लाभुकों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया और उनकी समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना और स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान करना था। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और लाभार्थियों तक योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन हो।