झारखंड निर्माण में पूर्व पीएम वाजपेयी के योगदान को किया याद

भारतीय जनता पार्टी, दुमका जिला द्वारा जिला कार्यालय में भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष गौरव कांत ने की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन भारतीय राजनीति के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने अपनी बुद्धिमत्ता, दूरदर्शिता और ईमानदारी से देश की दिशा और दशा को नया स्वरूप दिया।

जरमुंडी के विधायक देवेंद्र कुंवर ने कहा कि वाजपेयी का जीवन राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और लोकतंत्र के लिए समर्पित था। झारखंड राज्य के निर्माण में उनका योगदान अविस्मरणीय है।

प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने ‘सुशासन’ को अपनी राजनीति का केंद्र बनाया और उनके नेतृत्व में देश ने कई प्रगति के आयाम छुए। उनकी जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाना उनके आदर्शों को पुनर्जीवित करने का प्रयास है।

गौरव कांत ने कहा, “अटल जी ने झारखंड राज्य का निर्माण कर यहां के लोगों के सपनों को साकार किया। उनका योगदान झारखंड के हर नागरिक के दिल में विशेष स्थान रखता है। आज हम उनके आदर्शों को आत्मसात करने और सुशासन के सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हैं।”

कार्यक्रम में जिला प्रभारी संजीव जजवाड़े, सुरेश मुर्मू, परितोष सोरेन, निवास मंडल, पवन केसरी, बिट्टू सिंह, पिंटू साह, गुंजन मरांडी, रूपेश मंडल, श्रीधर दास, ममता साह, भृगु नाथ यादव, फारुख अनवर सहित कई गणमान्य लोग और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/ypln