दुमका, 15 अक्टूबर: विधानसभा आम चुनाव 2024 के मद्देनजर आज समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी आंजनेयुलु दोड्डे ने प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों के साथ प्रेसवार्ता आयोजित की। उन्होंने जानकारी दी कि चुनाव आयोग की घोषणा के बाद दुमका जिले में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है।
दुमका जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर 2024 को होगा। नामांकन प्रक्रिया 22 अक्टूबर से शुरू होगी, जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी। दुमका जिले में कुल 9,84,646 मतदाता हैं, जिनमें 4,85,951 पुरुष, 4,98,688 महिलाएं और 7 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। जिले में कुल 1157 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, जहां दिव्यांग और वृद्ध मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
प्रेसवार्ता के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सरकारी और सार्वजनिक स्थानों से 24 से 48 घंटे के भीतर सभी बैनर-पोस्टर हटा दिए जाएं।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा तैयारियों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है, और सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही, सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी तरह की अफवाह न फैले।
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए जिले में पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं। जनता को जागरूक करने के लिए स्वीप कार्यक्रम के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं और वोटर हेल्पलाइन ऐप, सी विजिल ऐप की जानकारी भी दी जाएगी।
(रिपोर्ट: दुमका लाइव)