दुमका: शहर के जरूवाडीह जोरिया रोड स्थित सूखा तालाब के पास एक पेड़ की डाली में फंदे से लटकता हुआ युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय मो. आर्यन के रूप में हुई, जो जरूवाडीह मोहल्ले का रहने वाला था।
परिजनों के अनुसार, मो. आर्यन मंगलवार को घर से निकला था और रात तक वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने उसका शव फंदे से लटकता हुआ पाया। घटना की सूचना पर सदर एसडीपीओ विजय कुमार महतो और नगर थाना प्रभारी नंद किशोर प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया कि मो. आर्यन की हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।