भारतीय नौसेना के नवीनतम स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस तुशील ने 3 जनवरी 2025 को सेनेगल के डकार बंदरगाह का दौरा किया। यह दौरा चल रही परिचालन तैनाती के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य सेनेगल के साथ संबंधों को मजबूत करना और दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच बातचीत को बढ़ावा देना है।
कैप्टन पीटर वर्गीस की कमान में आईएनएस तुशील बंदरगाह पर रहते हुए विभिन्न सैन्य और सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेगा। इसमें सेनेगल के सैन्य और सरकारी अधिकारियों के साथ बातचीत के साथ-साथ जहाज पर लगे स्वदेशी हथियारों, सेंसर और उपकरणों का प्रदर्शन शामिल होगा। इसके अलावा, दोनों नौसेनाओं के विशेषज्ञों के बीच बातचीत और प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
सेनेगल के नागरिकों के लिए योग का एक सत्र आयोजित करने की योजना भी बनाई गई है। इसके साथ ही भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए जहाज पर सामाजिक मेलजोल कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
आईएनएस तुशील सेनेगल की नौसेना के साथ मिलकर संयुक्त गश्त और पैसेज अभ्यास (पैसेक्स) में भी भाग लेगा। यह यात्रा भारत और सेनेगल के बीच रक्षा सहयोग और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और गहरा करने का एक महत्वपूर्ण संकेत है। इसके माध्यम से दोनों नौसेनाओं को एक-दूसरे से सीखने और सहयोग के नए रास्ते तलाशने का अवसर मिलेगा।