मंत्री ने कोल्ड स्टोरेज का किया निरीक्षण, संवेदक को निर्धारित समय पर निर्माण पूर्ण करने का दिया निर्देश

IMG-20221204-WA0031
नौ करोड़ की लागत से बन रहे कोल्ड स्टोरेज से क्षेत्र के किसानों को मिलेगा लाभ : आलमगीर आलम

पाकुड़।  ग्रामीण विकास विभाग मंत्री आलमगीर आलम ने रविवार को सदर प्रखंड के कालिदासपुर पंचायत अंतर्गत काशीला गांव में निर्माणाधीन कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण किया। मंत्री ने संवेदक और विभागीय अभियंताओं से कोल्ड स्टोरेज से जुड़ी तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। कोल्ड स्टोरेज में लगने वाले मशीनों के बारे में जानकारी हासिल की। मंत्री के पूछे जाने पर संवेदक ने कहा कि निर्माण कार्य अंतिम चरण पर है। अगले साल 10 जनवरी तक हैंड ओवर कर दिया जाएगा। मंत्री ने संवेदक से कहा कि समय पर निर्माण कार्य पूरा हो जाना चाहिए। ताकि किसानों को इसी सीजन में कोल्ड स्टोरेज का लाभ मिलना शुरू हो जाए। मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि अभी किसान आलू की खेती करेंगे। इस इलाके में आलू की अच्छी खेती होती है। अगर समय पर हैंड ओवर हो जाता है तो किसानों को इसी सीजन से कोल्ड स्टोरेज का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। इस पर संवेदक ने पूरी उम्मीद जताई कि 10 जनवरी तक हर हाल में हैंड ओवर कर दिया जाएगा। किसानों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिलना शुरू हो जाए। मंत्री ने कहा कि इस इलाके में पहली बार कोल्ड स्टोरेज बन रहा है। किसानों को उनके फसलों का उचित मूल्य मिले। इसलिए कोल्ड स्टोरेज का बनना बहुत ही जरूरी था। आज किसानों का सपना पूरा होने जा रहा है। मैं इस बात से बेहद खुश हूं। मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि यहां सैकड़ों नहीं हजारों की संख्या में किसान आलू, प्याज की खेती करते हैं। फसलों के नष्ट होने का डर बना रहता है। जिस वजह से उन्हें ओने पौने दाम पर बिचौलियों के हाथों बेचना पड़ जाता है। इससे किसान आर्थिक रूप से मजबूत नहीं हो पाते हैं। अगर एक कोल्ड स्टोरेज बन जाएगा, तो किसानों को अपने फसलों के सड़ने या बर्बाद होने की चिंता नहीं रहेगी। इसी सोच के साथ कोल्ड स्टोरेज निर्माण के लिए प्रयास शुरू किया। आज कोल्ड स्टोरेज का निर्माण अंतिम चरण पर है। किसानों को इसका लाभ शीघ्र मिलना शुरू हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि काशीला में तकरीबन 09 करोड़ की लागत से कोल्ड स्टोरेज का निर्माण हो रहा है। जिसकी क्षमता 5000 मेट्रिक टन है। झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड रांची के देखरेख में बनाया जा रहा है। पिछले साल 2021 के 14 जून को ग्रामीण विकास विभाग मंत्री आलमगीर आलम ने कोल्ड स्टोरेज निर्माण कार्य का आधारशिला रखा था। मौके पर उप विकास आयुक्त मो० शाहिद अख्तर, डीपीआरओ डॉ चंदन, विधायक प्रतिनिधि देबू विश्वास सहित अन्य मौजूद थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/95ev

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *