गिरिडीह। भाकपा माले नेता सह देवरी प्रखंड से मौजूदा जिप सदस्य उस्मान अंसारी पर देवरी प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा किया गया केस झूठा और मनगढ़ंत है तथा जनता के हक अधिकार की लड़ाई लड़ने वालों को डराने की एक साजिश है। हम इसका पुरजोर विरोध करते हैं और तत्काल केस वापस लेने की मांग करते हैं। उपरोक्त बातें भाकपा माले नेता सह अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव ने कही। उन्होंने कहा कि, माले नेता ने मनरेगा की योजनाओं में पीसी लेने का विरोध किया, जिससे बदले की भावना में आकर यह केस किया गया है। लेकिन इस तरह के झूठे केस मुकदमों से माले के लोग डरने वाले नहीं हैं।कहा कि, प्रखंड कार्यालय में योजनाओं के नाम पर मची लूट और रिश्वतखोरी का पहले से भी बढ़-चढ़कर विरोध किया जाएगा। श्री यादव ने आम जनता से भी इस मामले में आंदोलन का साथ देने तथा प्रशासन के इस रवैये के खिलाफ खड़ा होने की अपील की।