मधुपुर। वार्ड नंबर 8 की वार्ड पार्षद शबाना परवीन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सरकार द्वारा टैक्स वृद्धि किए जाने का विरोध जताते हुए कहा कि 1 दिसंबर को आहूत की गई नगर परिषद बोर्ड की मासिक बैठक में सभी वार्ड पार्षद ने टैक्स वृद्धि पर लाए गए एजेंडा का विरोध किया है। शबाना परवीन ने बताया कि इसी वर्ष अप्रैल माह में ही सरकार द्वारा होल्डिंग टैक्स 32 प्रतिशत और कमर्शियल टैक्स की चार गुणा बढ़ोतरी हो चुकी है और टैक्स धारकों पर बकाया टैक्स का बोझ पहले ही बना हुआ है जिसे तीन किस्तों में भुगतान किए जाने का निर्देश दिया गया था। अभी वह बोझ उतरा भी नहीं है कि सरकार द्वारा स्टॉल टैक्स बढ़ाकर जनता पर और बोझ डाला जा रहा है। सरकार का यह निर्देश बहुत ही कठोर है। दुकानदारों का कहना है कि वे कोरोना काल में हुए नुकसान से अभी उभर भी नहीं पाए हैं,उनकी पूंजी खत्म हो गई है। कोरोना काल के बाद कितनी कठिनाईयों से पूंजी बनाकर दुकानदारी शुरू करने का काम कर रहे हैं ऐसे में बकाया टैक्स का बोझ भले ही किस्तों में सही लेकिन उनके कंधों पर पहाड़ की तरह है ऊपर से सरकार द्वारा स्टॉल टैक्स बढ़ोतरी कर उन पर जुल्म की हद की जा रही है।अफ़सोस इस बात का है कि हमारे स्थानीय विधायक सह मंत्री जो खुद सरकार में हैं लेकिन उन्हें लोगों का दर्द दिखाई नहीं दे रहा है।वार्ड पार्षद ने जानकारी देते हुए कहा कि आने वाले 15 दिसंबर को फिर से बोर्ड की बैठक बुलाई गई है जिस में फिर से स्टॉल टैक्स बढ़ोतरी का एजेंडा लाया गया है ।उन्होंने आश्वासन दिया है कि इस बार भी इस प्रस्ताव को बोर्ड द्वारा ख़ारिज कर दिया जायेगा और जनता के साथ अन्याय नहीं होने दिया जायेगा,क्योंकि जनता से ही हम जनप्रतिनिधि हैं।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/3624