सिविल सोसायटी, दुमका के एक प्रतिनिधिमंडल ने 17 अक्टूबर 2024 को अध्यक्ष राधेश्याम वर्मा की अगुवाई में नगर परिषद, दुमका के कार्यपालक पदाधिकारी को विजयपुर स्थित मुक्तिधाम से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नवनिर्मित विद्युत शवदाह गृह को जल्द चालू करने की मांग की गई, जो निर्माण के बाद भी अब तक शुरू नहीं किया गया है। इसके अलावा, मुक्तिधाम में खराब हाईमार्क्स लाइट की मरम्मत, परिसर की सफाई, और पर्यावरण संरक्षण के लिए कूड़ादान लगाने की आवश्यकता को भी रेखांकित किया गया।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि मुक्तिधाम के पास हिजला ग्रामीण जलापूर्ति योजना का इंटकवेल स्थित है, जहां से पेयजल आपूर्ति की जाती है। ऐसे में मुक्तिधाम की साफ-सफाई को प्राथमिकता देने की अपील की गई, ताकि पर्यावरण और जल स्रोतों को दूषित होने से बचाया जा सके।
प्रतिनिधिमंडल में सिविल सोसायटी दुमका के उपाध्यक्ष प्रेम केसरी, सचिव संदीप कुमार जय बमबम, और अन्य सदस्य शामिल थे।