गोड्डा में आयोजित भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष
करीब 5 किलोमीटर यात्रा के दौरान जोड़ो जोड़ो, भारत जोड़ो, छोड़ो छोड़ो, नफरत छोड़ो के लग रहे थे नारे
गोड्डा। जोड़ो जोड़ो – भारत जोड़ो, छोड़ो छोड़ो – नफरत छोड़ो, संविधान की रक्षा कौन करेगा – हम करेंगे हम करेंगे…….. नारे के साथ सोमवार को जिला मुख्यालय में कांग्रेस की ओर से भारत जोड़ो यात्रा आयोजित किया गया। गोड्डा कॉलेज मोड़ से प्रारंभ भारत जोड़ो यात्रा रौतारा चौंक पर समाप्त हुई। करीब 5 किलोमीटर की पदयात्रा के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो, झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम, पोड़ैयाहाट के विधायक प्रदीप यादव, महागामा की विधायक सह अखिल भारतीय कांग्रेस समिति की राष्ट्रीय सचिव दीपिका पांडेय सिंह, प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर गजेंद्र सिंह आदि साथ चल रहे थे। पदयात्रा में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक कांग्रेसी झंडा के साथ नारे लगाते हुए चल रहे थे।
पदयात्रा की समाप्ति पर रौतारा चौंक स्थित दुर्गा मंदिर के सामने मैदान में सभा आयोजित की गई। सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश को जोड़ने के लिए यात्रा कर रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की वर्तमान भाजपा सरकार संविधान को कुचल रही है। लोकतंत्र का गला घोंटने का कार्य कर रही है। बहुमत को लूटने एवं जनता द्वारा चुनी हुई गैर भाजपा सरकारों को गिराने का काम कर रही है। भाजपा देश को तोड़ने के लिए नफरत की राजनीति कर रही है। इसी माहौल को समाप्त करने के लिए राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने कहा कि मंच पर बैठे प्रदेश कांग्रेस के अधिकांश नेता एवं विधायक राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के सहयात्री रह चुके हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने भाषण का समापन ‘हम हिमाचल जीते हैं, पूरा हिंदुस्तान जीतेंगे’ के उद्बोधन के साथ किया।
मौके पर झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में उमड़ रहा जनसैलाब इस बात का प्रतीक है कि केंद्र की वर्तमान सरकार से जनता ऊब चुकी है।
सभा को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस समिति की सचिव सह विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राहुल गांधी आज भी युवाओं, किसानों, पिछड़ों, बेरोजगारों, गरीबों महिलाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती तिथि 19 नवंबर को वह भी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में सहयात्री थीं। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान लोगों का उत्साह देखते बन रहा है। ग्रामीण आंगन लीपकर, रंगोली सजाकर राहुल गांधी का स्वागत कर रहे हैं।
विधायक श्रीमती सिंह ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा एक तरह से तपस्या है। देश के लिए नि:स्वार्थ प्रयास राहुल गांधी कर रहे हैं। कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3500 किलोमीटर की पदयात्रा कोई साधारण आदमी नहीं कर सकता है। यह पदयात्रा असाधारण है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से अपील की कि गांव गांव जाकर राहुल गांधी की पदयात्रा के उद्देश्यों से जनता को अवगत कराएं।
मौके पर कांग्रेस विधायक दल के उप नेता प्रदीप यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश के उज्जैन में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में वह भी शरीक हुए थे। सुबह 6 बजे से पदयात्रा शुरू हो जाती है। राहुल गांधी की पदयात्रा में जो उत्साह, जो भीड़ देखी, वह अपने 30 वर्ष के राजनीतिक सफर में किसी नेता के पीछे इतनी भीड़ नहीं देखी। श्री यादव ने कहा कि भाजपा ने राजनीतिक स्वार्थवश जो नफरत का बीज बोया है, उसे राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा समाप्त करेगी। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा ने महंगाई कम करने का वादा किया था, लेकिन महंगाई सुरसा की तरह बढ़ती जा रही है। कांग्रेस के जमाने में 2 रुपए 20 पैसे प्रति लीटर मिट्टी तेल मिलता था, जो अब 100 रुपए प्रति लीटर से भी अधिक हो गया है। कांग्रेस सरकार 140 रुपए प्रति बोरा यूरिया खाद देती थी, जो अब 600 रुपए में भी नहीं मिलता है। कांग्रेस सरकार के दौरान 600 रुपए में मिलने वाला गैस सिलेंडर की कीमत अब 1200 रुपए हो गई है। भाजपा द्वारा कांग्रेस पर परिवारवाद के आरोप पर पलटवार करते हुए विधायक श्री यादव ने कहा कि पंडित नेहरू के परिवार ने देश के लिए कुर्बानी दी है। देश को आगे बढ़ाने का काम किया है।
सभा को प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो, महागामा के पूर्व विधायक राजेश रंजन, झारखंड कांग्रेस के सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर गजेंद्र सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश यादव आदि ने भी संबोधित किया। मंच का संचालन जिला कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव मिश्रा कर रहे थे। मौके पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जगधात्री झा, जिला कांग्रेस के सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर राकेश रोशन, प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव विकास सिंह, प्रियव्रत झा, विनय ठाकुर, ज्योतिंद्र झा, नयन राम, मुन्ना राजा आदि मौजूद थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/kymz