गोड्डा। संविधान दिवस के अवसर पर शनिवार को समाहरणालय भवन के परिसर में उपायुक्त जिशान कमर, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, उप विकास आयुक्त संजय सिन्हा के द्वारा सभी पदाधिकारियों एवं समाहरणालय कर्मियों को संविधान की प्रस्तावना का पठन कराते हुए संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने एवं राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने की शपथ दिलाई गई। संविधान दिवस के उपलक्ष्य पर समाहरणालय स्थित परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को शपथ दिलाते हुए उपायुक्त के द्वारा बताया गया कि हम भारत के लोग, भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथ-निरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के लिए तथा उसके समस्त नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समता प्राप्त कराने के लिए तथा उन सब में व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता और अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता बढ़ाने के लिए दृढ़ संकल्प होकर अपने इस संविधान सभा में 26 नवंबर 1949 (तिथि मार्गशीर्ष, शुक्ल सप्तमी, संवत दो हजार छह विक्रमी) को एतद् द्वारा इस संविधान को अंगीकृत अधिनियमित और आत्मार्पित करते हैं।
संविधान दिवस के अवसर पर जिले के अन्य सभी सरकारी कार्यालयों में भी शपथ दिलाई गई। मौके पर उपायुक्त ने कहा कि आज का दिन बहुत ही हर्ष एवं उल्लास का दिन है। इस दिन को देश में संविधान दिवस के रूप में मनाते हैं। उन्होंने कहा कि आज का दिन समाज में संविधान के महत्व का प्रसार करने और डॉ भीमराव अंबेडकर के अमूल्य योगदान और उनके विचारों व आदर्शों का स्मरण करने के साथ उसे आत्मसात करने का दिन है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान समता, न्याय व समरसता का प्रतीक है। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि हमारे संविधान को 26 नवम्बर, 1949 को विधिवत रूप से अपनाया गया था। 26 जनवरी, 1950 को लागू किया गया। हमारे संविधान को बनाने में बाबा साहब अम्बेडकर का बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी व कर्मचारी संविधान दिवस पर ली गई शपथ को अपने दायित्व निर्वहन के समय सार्थक करते हुए बिना किसी भेदभाव व निष्पक्ष भाव से कार्य करे। इस अवसर पर उन्होंने सभी से एकता, अखण्डता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने का भी आग्रह किया। मौके पर जिला नजारत उपसमाहर्ता नागेश्वर साव, जिला भू अर्जन पदाधिकारी कुमुदनी टुडू, कार्यपालक दंडाधिकारी जेसी विनीता केरकेट्टा, जिला समाज कल्याण विभाग पदाधिकारी कलानाथ, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सह जिला कल्याण पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित अन्य पदाधिकारीगण एवं समाहरणालय संवर्ग कर्मीगण मौजूद थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/tyn2