सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, ढाई टन विस्फोटक बरामद

03 June 2025 Bisfotak

चाईबासा/चक्रधरपुर: झारखंड के घोर नक्सल प्रभावित सारंडा जंगल से सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। 27 मई को माओवादियों द्वारा ओडिशा के केबलांग थाना क्षेत्र अंतर्गत बांको पत्थर खदान से लूटे गए करीब ढाई टन विस्फोटक को बरामद कर लिया गया है।

माओवादियों ने इस विस्फोटक सामग्री को झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र स्थित तिरीलपोशी इलाके में मिट्टी में गाड़कर छिपा दिया था। लेकिन संयुक्त सुरक्षाबलों द्वारा चलाए गए सघन तलाशी अभियान में इसे खोज निकाला गया।

इस ऑपरेशन को झारखंड पुलिस, कोबरा बटालियन, सीआरपीएफ और ओडिशा पुलिस ने मिलकर अंजाम दिया। बरामद किए गए विस्फोटकों की मात्रा और गंभीरता को देखते हुए सुरक्षाबलों ने समय रहते बड़ी अनहोनी की साजिश को विफल कर दिया है।

बताया जा रहा है कि नक्सली इस भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री का उपयोग सुरक्षाबलों पर हमले या बड़ी विध्वंसक कार्रवाई के लिए करना चाहते थे। लेकिन संयुक्त कार्रवाई से उनके मंसूबों पर पानी फिर गया।

सुरक्षाबलों के अधिकारियों ने बताया कि इस बरामदगी से यह स्पष्ट होता है कि माओवादी अब भी जंगलों में सक्रिय हैं और किसी बड़ी साजिश की तैयारी में थे। तलाशी अभियान को और तेज कर दिया गया है और आस-पास के क्षेत्रों में चौकसी बढ़ा दी गई है।

गौरतलब है कि सारंडा क्षेत्र देश के सबसे घने जंगलों में गिना जाता है और यह लंबे समय से माओवादी गतिविधियों का गढ़ रहा है। हालांकि पिछले कुछ वर्षों में लगातार सुरक्षाबलों के अभियान से माओवादियों की गतिविधियों पर कड़ा प्रहार हुआ है।

सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को माओवादियों के खिलाफ एक और बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/rpmd

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *