चक्रधरपुर (झारखंड): मंगलवार, 30 जुलाई को तड़के एक ट्रेन हादसे में हावड़ा-सीएसएमटी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12810) पटरी से उतर गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गए। हादसा राजखरस्वान वेस्ट आउटर और बाराबंबू स्टेशन के बीच सुबह 4 बजे के आसपास हुआ।
रेलवे की मेडिकल टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया और उन्हें चक्रधर रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्व सिंहभूम और सरायकेला के जिला कलेक्टरों को घायलों के इलाज के लिए तत्काल समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
घटना के बारे में रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हावड़ा-मुंबई मेल एक्सप्रेस की लगभग 18 बोगियां पटरी से उतरकर पास में खड़ी एक मालगाड़ी से टकराईं। इस हादसे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।
राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है, और घायलों को एयर एंबुलेंस के जरिए भी अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। राहत की बात यह है कि अधिकांश घायल यात्री गंभीर रूप से चोटिल नहीं हुए हैं।
रेलवे प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। इस हादसे से प्रभावित सभी यात्रियों को हर संभव मदद मुहैया कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।