महागामा। शनिवार की शाम गोड्डा- महागामा एनएच 133 पर महागामा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर चौक के समीप एक जुगाड़ गाड़ी असंतुलित होकर पलट गया। जिसके कारण जुगाड़ गाड़ी पर सवार कई लोग बुरी तरह घायल हो गए। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने महागामा थाना को दी। सूचना पाकर थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों एवं पुलिस प्रशासन की मदद से आनन-फानन में सभी घायलों को महागामा रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सा प्रभारी संजय मिश्रा की मौजूदगी में डॉक्टर विवेकानंद, डॉ अभिषेक शानू एवं स्वास्थ्य कर्मियों के द्वारा घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। इस घटना में 16 लोग घायल हो गए। घायलों में ज्यादातर नाबालिग बच्चे थे। घायलों में सभी मेहरमा प्रखंड क्षेत्र के अमौर के रहने वाले थे। घायलों की पहचान भानु प्रताप (13), रंजीत कुमार (15), जूही कुमारी (12), अमित टोप्पो (12), नितेश टुडू (12), चांदनी कुमारी (8), राहुल कुमार (15), करिश्मा कुमारी (13), संजीव कुमार (8), छोटे एक्का (14), गोविंद कुमार (16), रोहित कुमार (8), मनिया कुमारी (5), आसिफ कुमार (14), शैलेंद्र कुमार (18) एवं राजेंद्र उरांव उम्र (50) के रूप में हुई।
घटना के संबंध में घायलों ने बताया कि हम लोग जुगाड़ गाड़ी सवार होकर अमौर से पथरगामा स्थित योगिनी मंदिर में पूजा अर्चना के लिए गए हुए थे।वहीं वापस घर लौटने के क्रम में मोहनपुर चौक के समीप जुगाड़ गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।डॉक्टरों ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति सामान्य हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जुगाड़ गाड़ी सवारियों से खचाखच भरा हुआ था।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/l4gu