बासुकीनाथ। चेन्नई के एक अस्पताल में इलाजरत जरमुंडी प्रखंड के गरडा अमराकुंडा गांव निवासी 33 वर्षीय मजदूर की मौत के बाद अस्पताल के बकाया बिल भुगतान को लेकर पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दी गई। मजदूर गणपति राय का निधन चेन्नई में हो गया। इसकी सूचना फोन पर उसके स्वजनों को मिली। परिवारवालों ने इस मामले की जानकारी स्थानीय विधायक सह कृषि मंत्री बादल पत्रलेख को दिया। कृषि मंत्री ने दुमका उपायुक्त को जानकारी देते हुए गरीब परिवार को मदद करने को कहा। कृषि मंत्री के निर्देश पर टीम बादल के सदस्य सौरभ यादव को भी मृतक के परिवार को सहयोग करने का निर्देश दिया। कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने चेन्नई में मजदूर के परिवार वाले को तुरंत अस्पताल में बकाया राशि के लिए भुगतान किया। इधर दुमका उपायुक्त ने तत्परता दिखाते हुए मृतक के परिवार को आर्थिक मदद देने के लिए जरमुंडी प्रखंड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू को निर्देश दिया। जरमुंडी प्रखंड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू तथा सौरभ यादव के द्वारा मृतक मजदूर की पत्नी सरस्वती देवी को 25 हजार रुपये का चेक दिया गया। इस मौके पर टीम बादल के सदस्य जय प्रकाश झा, शिव शंकर लायक , अमर मंडल आदि मौजूद थे।