
देवघर जिले के मधुपुर क्षेत्र अंतर्गत बुढ़ई चौक के पास गुरुवार सुबह करीब 6:00 से 6:30 बजे के बीच भीषण आग लगने की घटना सामने आई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आसपास की करीब 5 से 6 दुकानें इसकी चपेट में आ गईं और पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें काफी तेज होने के कारण उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मधुपुर और देवघर से मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कई दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं।
थाना प्रभारी के अनुसार, इस घटना में 5–6 दुकानों के जलने की पुष्टि हुई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।