मुजफ्फरपुर I मुजफ्फरपुर। मनीष कश्यप की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार को बिहार बंद का आह्वान किया गया है. यूट्यूबर मनीष कश्यप के गिरफ्तारी के विरोध में मुजफ्फरपुर, छपरा, नालंदा, शेखपुरा, जहानाबाद और जमुई समेत कई जिलों में उनके समर्थकों ने सड़क मार्ग को पूरी तरह से बाधित कर दिया है. जगह-जगह आगजनी की जा रही है. जाम के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं हैं. मनीष के समर्थन में युवा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं।
गायघाट के भूसरा में सड़क पर आगजनी और सड़क जाम
मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड अन्तर्गत मझौली- चौरौत फोरलेन मार्ग पर रामनगर- भूसरा सड़क पर भुसरा चौराहे पर मनीष कश्यप के समर्थक द्वारा सड़क जाम कर एवं आगजनी कर विरोध प्रदर्शन किया गया. जाम कर रहे लोगों का कहना है कि सरकार साजिश के तहत मनीष कश्यप को फंसा रही है. लोगों की मांगे- ‘मनीष कश्यप प्रकरण का निष्पक्ष जांच हो’ , ‘किसी भी व्यक्ति पर राजनीति से प्रेरित कारवाई बर्दाश्त नहीं की जाऐगी’, डिजिटल मीडिया के पत्रकारों को भी सरकार और प्रशासन सम्मान के नजरों से देखे’. उधर शहर के जिरोमाईल में भी सड़क पर आगजनी कर मनीष की गिरफ्तारी का विरोध किया गया
मनीष मामले में सीबीआई जांच की मांग
आपको बता दें कि मनीष कश्यप के समर्थकों का कहना कि सरकार के इशारे पर मनीष की गिरफ्तारी की गई है. अविलंब इस मामले की जांच सीबीआई से कराई जाए. वहीं सड़क जाम की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंचकर जाम कर रहे समर्थकों को समझने का प्रयास किया। सड़क पर पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है. ताकि बंद समर्थक उत्पात ना मचा सकें. आपको बता दें कि आज ही ईओयू मनीष कश्यप को कोर्ट में पेश करेगी. उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया गया था. इस दौरान पूछताछ में उसने कई खुलासे किए हैं. वहीं ईओयू ने उसकी रिमांड और बढ़ाने के लिए कोर्ट में आवेदन दिया है।