
पटना।
बिहार की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल की सांसद मीसा भारती ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसमें तंज भी है और शुभकामना भी। मीसा भारती ने कहा कि नीतीश कुमार का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना अच्छी बात है। उन्होंने इस मौके पर उन्हें शुभकामनाएं भी दीं। उनके मुताबिक, यह उनके राजनीतिक करियर का एक अहम पड़ाव है और इससे उनकी भूमिका और बड़ी हो सकती है। मीसा भारती ने अपने बयान में परिवारवाद के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा, ‘अच्छी बात है कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। और सबसे अच्छी बात मुझे नीतीश कुमार की यह लगी कि अब कम से कम परिवारवाद पर तो नहीं बोलेंगे। जब उन्होंने अपने बेटे को राजनीति में ला ही दिया है, तो कम से कम इस मुद्दे पर अब टिप्पणी नहीं करेंगे।’ इस बयान को राजनीतिक हलकों में तंज के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से बिहार की राजनीति में परिवारवाद एक बड़ा मुद्दा रहा है।
उप-प्रधानमंत्री बनने की कामना
राष्ट्रीय जनता दल की सांसद मीसा भारती ने आगे कहा, उन्हें मेरी ओर से बहुत-बहुत शुभकामनाएँ। वे स्वस्थ रहें और यहाँ आकर कम से कम उप-प्रधानमंत्री का पद भी प्राप्त करें यही हमारी शुभकामनाएँ हैं।’ सांसद मीसा भारती का यह बयान राजनीतिक तौर पर काफी दिलचस्प माना जा रहा है, क्योंकि इसमें समर्थन और व्यंग्य दोनों झलक रहे हैं।
बिहार की राजनीति में बढ़ी हलचल
राष्ट्रीय जनता दल और जेडीयू के बीच पहले से ही राजनीतिक प्रतिस्पर्धा रही है। ऐसे में मीसा भारती का यह बयान आने वाले दिनों में राजनीतिक बयानबाजी को और तेज कर सकता है। कुल मिलाकर, यह बयान सिर्फ एक शुभकामना नहीं, बल्कि एक राजनीतिक संदेश भी है, जो बिहार की राजनीति में नई बहस को जन्म दे सकता है।