जालंधर। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा शनिवार को जालंधर में दाखिल हो जाएगी। रात का विश्राम फगवाड़ा में होगा। कपूरथला व जालंधर पुलिस के करीब एक हजार जवानों के कंधों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी रहेगी। एसएसपी स्वर्णदीप सिंह व कपूरथला के एसएसपी नवनीत बैंस खुद मैदान में उतर गए हैं और सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया है। शुक्रवार को लोहड़ी का पर्व था लेकिन पुलिस ने रिहर्सल किया।
शनिवार सुबह छह बजे पदयात्रा लाडोवाल टोल प्लाजा से शुरू होगी। सतलुज नदी का पुल पार कर यात्रा जालंधर जिले में प्रवेश करेगी। सुरक्षा की जिम्मेदारी जालंधर देहात पुलिस के कंधों पर होगी। 10 बजे गोराया में चाय नाश्ता होगा और दोपहर का लंच जेसी रिसोर्ट (गोराया) में होगा। दोपहर 3:30 बजे पदयात्रा फिर शुरू होगी और शाम 6:30 बजे फगवाड़ा पहुंचेगी। जहां राहुल का भव्य स्वागत किया जाएगा और यात्रा के रुकने का बंदोबस्त कोनिका रिसोर्ट में किया गया है। कपूरथला व जालंधर देहात पुलिस ने सुरक्षा को लेकर कमर कस ली है।