शिवबारात के सफल आयोजन हेतु मुख्यमंत्री करें हस्तक्षेप : संजय भारद्वाज

IMG_20230217_065956
देवघर।  राजद प्रदेश सचिव सह पूर्व प्रत्याशी मधुपुर विधानसभा क्षेत्र संजय भारद्वाज ने महाशिवरात्रि के अवसर पर देवघर में निकाले जाने वाली शिव बारात के पूर्व बन रहे माहौल पर चिंता व्यक्त की है। भारद्वाज ने कहा कि आगामी 18 फरवरी को शिवरात्रि बारात निकाली जानी है लेकिन उसके पूर्व हो रही बयानबाजी और प्रशासन द्वारा बरती जा रही अतिरिक्त सख्ती के कारण आम जनता परेशान है और शिव बारात की परंपरा निर्वहन के प्रति सशंकित है। राजद नेता ने कहा कि क्षेत्र सहित देश-विदेश के करोड़ों लोगों में बाबा बैद्यनाथ के प्रति अगाध श्रद्धा है इसलिए शिवरात्रि के अवसर पर शिव बारात का आयोजन विशुद्ध रूप से धार्मिक आस्था का विषय है। वर्ष 1994 से शिव बारात आयोजन की शुरूआत हुई थी जो कोविड-19 संक्रमण के कारण वर्ष 2021 और 2022 में बाधित रहा इस प्रकार विगत 30 वर्षों से शिव बारात का सफल आयोजन होता रहा है‌। लेकिन इस बार शिव बारात के पूर्व देवघर अनुमंडल में धारा- 144 लागू किए जाने और समाचार पत्रों में आ रही खबरों के कारण आसपास के इलाकों से आने वाले श्रद्धालु विशेषकर महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे पूर्व की तरह स्वस्थ माहौल रहने के प्रति आशंकित हैं। गहरी धार्मिक भावना से जुड़े होने के कारण यह एक संवेदनशील मसला है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए भारद्वाज ने कहा कि जन आकांक्षाओं के अनुरूप व्यवहारिक निर्णय लिये जाने चाहिए और पूर्ण समन्वय के साथ समृद्ध और महान धार्मिक परंपरा का निर्वहन सुनिश्चित कराया जाए।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/2v8k

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *