अस्पताल में जाकर पीड़िता से मिली बाल कल्याण समिति
अस्पताल में ही बयान दर्ज कर पीड़िता का लिया प्रोडक्सन
दुमका। बाल कल्याण समिति ने दुमका के फूलो झानो मेडिकल कालेज अस्पताल जाकर घायल किशोरी और उसके परिजनों से मुलाकात की और वहीं किशोरी का प्राडक्सन लिया गया। पीड़िता और उसके अभिभावकों की सहमति से समिति ने इस मामले में सामाजिक कार्यकर्ता शांतिलता हेम्ब्रम को सपोर्ट पर्सन नियुक्त कर दिया है। शनिवार को चेयरपर्सन डा अमरेन्द्र कुमार और सदस्य डा राज कुमार उपाध्याय ने अस्पताल के सर्जरी वार्ड में इलाजरत पीड़िता से मुलाकात की और इलाज के बारे में जानकारी ली। समिति ने पीड़िता, उसके पिता और माता का बयान भी दर्ज किया। उनके पिता को कहा गया कि वह बेटी की पढ़ाई जारी रखें और किसी तरह की कोई भी कठिनाई आती है तो समिति को सूचित करें। सपोर्ट पर्सन नियुक्त करते हुए शांतिलता हेम्ब्रम को अस्पताल बुलवाया गया और उसे पीड़िता के चिकित्सा एवं न्यायालय में बयान दर्ज कराने में सहयोग करने का निर्देश दिया गया। शनिवार को ही पुलिस ने भी पीड़िता का कोर्ट में सीआरपीसी की धारा 164 के तहत बयान भी दर्ज करवाया है। इस मामले में मुफस्सिल थाना पुलिस ने दुष्कर्म का प्रयास करने और विरोध करने पर नाबालिग पर चाकू से जानलेवा हत्या करने के मामले में गरड़ी गांव के राजू टुडू को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया है।