गर्मी को देखते हुए जिले के सभी हरा राशन कार्डधारियों के बीच सुबह 07 बजे से किया जा रहा है अनाज का वितरणः-उपायुक्त
अनाज वितरण को लेकर जिले के सभी 990 पीडीएस डीलरों के साथ अधिकारी व कर्मी को किया गया है टैग:- उपायुक्त
देवघर I उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने बरमसिया,बाघमारा,गिधनी के साथ विभिन्न पीडीएस दुकानों में मंगलवार को हरा कार्ड चावल वितरण उत्सव दिवस के अवसर पर ग्रीन कार्डधारियों को दिए जा रहे अनाज वितरण कार्यों का औचक निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उपायुक्त ने विभिन्न पीडीएस दुकानो में लोगों से बातचीत कर ग्रीन कार्डधारियों के बीच चावल के पैकेट का वितरण किया। इसके अलावे निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने पीडीएस दुकानों में टैग कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पारदर्शिता से अनाज वितरण के अलावा बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिले के सभी हरा राशन कार्डधारियों के बीच ससमय अनाज का वितरण करना सुनिश्चित करें। आगे उपायुक्त ने पीडीएस दुकानों के निरीक्षण के क्रम में बच्चों व उनके अभिभावकों से बातचीत करते हुए जिले में चल रहे मिजिल्स रूबेला टीकाकरण अभियान की जानकारियों से सभी को अवगत कराया। साथ ही उन्होंने अपील करते हुए कहा कि 09 माह से 15 वर्ष के सभी बच्चों को मिजिल्स रूबेला टीका दिलाना अवश्य सुनिश्चित करें, ताकि बच्चें स्वस्थ और सुरक्षित रहें। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए कहा कि जिला स्तर के अलावा सभी प्रखण्डों के प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों को निदेशित किया गया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण करते हुए पारदर्शिता से अनाज का वितरन कराना सुनिश्चित करें। वहीं जिले के सभी 990 पीडीएस डीलरों के साथ रोजगार सेवक व पंचायत सचिव, जन सेवक या प्रखण्ड स्तर के कर्मी को टैग किया गया है, ताकि सही तरीके से ससमय हरा राशन कार्डधारियों को अनाज का वितरण किया जा सके। इस दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी अमित कुमार,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी, कर्मी आदि उपस्थित थे।