योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : उपायुक्त
पाकुड़। उपायुक्त की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में जिला विकास समन्वय समिति बैठक सम्पन्न हुई। लंबित कार्यों को पूरा करने का उपायुक्त ने निर्देश दिया। उपायुक्त द्वारा आपूर्ति, समाज कल्याण, पेयजल एवं स्वच्छता, उधोग विभाग, शिक्षा विभाग, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य विभाग आदि विभाग से संबंधित कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। विभिन्न विभागों द्वारा पी.पी.टी प्रेजेंटेशन के माध्यम से कार्यरत योजनाओं के सम्बंध में विस्तृत जानकारी दी गई। सभी पात्र लाभुकों को लाभान्वित करते हुए त्वरित निष्पादन करने के आवश्यक निदेश दिए गए। आपूर्ति विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं व ग्रीन कार्ड व अन्य कार्यों त्वरित निष्पादन करने का निदेश सभी संबंधित अधिकारियों को दिया। उपायुक्त ने कहा कि फरवरी माह का खाद्यान्न 20 मार्च तक शत प्रतिशत वितरण करना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने कहा कि जिला में कुल 3455 चापाकल को ठीक करना था 911 चापाकल को अभी तक ठीक किया गया। शेष 2544 चापाकल को ठीक किया जा रहा है। जिला में कुल 44 गैंग चापाकल को ठीक करवाने में लगाया गया है। उद्योग विभाग के महाप्रबंधक द्वारा बताया गया कि पीएमईजीपी योजना का लक्ष्य 165 है, जिसके विरूद्ध 266 ऋण आवेदन पत्र विभिन्न बैंकों को प्रेषित किया जा चुका है। वर्तमान में 79 ऋण आवेदन पत्रों की स्वीकृति विभिन्न बैंकों द्वारा दी गई और 50 का भुगतान किया गया। उपायुक्त ने कहा कि सभी योजनाओं को धरातल पर उतारना संबंधित पदाधिकारियों का कर्तव्य है, किसी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नही किया जाएगा। बैठक में उप विकास आयुक्त मो० शाहिद अख्तर, सिविल सर्जन डॉक्टर मंटु कुमार टेकरीवाल, अपर समाहर्ता मंजु रानी स्वांसी, अनुमंडल पदाधिकारी हरिवंश पंडित, जिला आपूर्ति पदाधिकारी संजय कुमार दास, सभी विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं सभी बीडीओ, सीओ समेत अन्य उपस्थित थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/9jra