दुमका, 7 फरवरी 2025: बन्दोवस्त विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ विधि लिपिक संघ ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन और अनशन का आयोजन किया। इस प्रदर्शन की अध्यक्षता संघ के संरक्षक रविंद्र चंद्र यादव ने की, जिन्होंने अनशन भी किया। कार्यक्रम का संचालन महासचिव कंचन यादव ने किया, और इस दौरान संघ के पदाधिकारी एवं सदस्यगण मौजूद रहे। कार्यक्रम में कई अधिवक्ता और ग्राम प्रधान मांझी संगठन के सदस्य भी उपस्थित होकर आंदोलन का समर्थन किया।
संघ ने बन्दोवस्त कार्यालय में कर्मचारियों की लापरवाही और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उनके अनुसार, अभिलेखागार के कर्मचारी नकल उपलब्ध कराने में वर्षों लगा देते हैं और इसके लिए मोटी रकम की मांग करते हैं। इसके अलावा, जिन अभिलेखों के लिए पैसे मिलते हैं, उनका नकल तुरंत जारी कर दिया जाता है, जबकि अन्य को रद्दी की टोकरी में फेंक दिया जाता है। संघ ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारी बिना पैसे के किसी काम को नहीं करते, और सभी काम के लिए अवैध राशि की उगाही की जाती है।
संघ ने सरकार से कई मांगें की हैं, जिसमें सहायक बन्दोवस्त पदाधिकारी महेंद्र मांझी को सभी शिविरों के प्रभार से हटाकर मुख्यालय में तैनात करने की मांग की गई है, ताकि रैयतों का कार्य आसानी से हो सके। इसके अलावा, अन्य कर्मचारियों को उनके गृह जिले से बाहर भेजने और विभागीय कार्रवाई की भी मांग की गई है।
मुख्य मांगें:
- सहायक बन्दोवस्त पदाधिकारी महेन्द्र माँझी को सभी शिविरों के प्रभार से हटाकर मुख्यालय में रखा जाए।
- किरानी हाँसदा और अनुसवेक को उनके गृह जिला गोड्डा से अन्य शिविरों में स्थानांतरित किया जाए।
- स्थानांतरित पेशकार से अभिलेखों को जमा कराया जाए।
- इन सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाए।
- नकल निर्गत करने और तरमिम प्रक्रिया को सरल बनाया जाए।
- पूर्व बन्दोवस्त पदाधिकारी सुनील कुमार और वर्तमान सहायक बन्दोवस्त पदाधिकारी महेन्द्र माँझी द्वारा किए गए कार्यों की जाँच की जाए।
- गोड्डा और साहेबगंज जिला के सभी शिविरों से कर्मचारियों को तत्काल स्थानांतरित कर मुख्यालय लाया जाए और इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाए।
इन मांगों का ज्ञापन संताल परगना प्रमंडल आयुक्त, दुमका उपायुक्त और दुमका बन्दोवस्त पदाधिकारी को सौंपा गया।
इस कार्यक्रम में अध्यक्ष जय चांद मंडल, सम्मानित अध्यक्ष शुभेन्द्र प्रसाद सिन्हा, धीरेंद्र महतो, संजीव यादव, मृदुल गुप्ता, हाबु महतो, नंद चौधरी, कोषाध्यक्ष नरेंद्र नाथ दुबे, गणेश मिश्रा, तापस मंडल, हराधन मांझी, पप्पू ठाकुर, सुमित कुमार झा, बिजय हेम्ब्रम, गुडविल टुडू, दीपक झा, बीरेंद्र गुप्ता, भक्तिपद दास, बालेश्वर सिंह, परमेश्वर सिंह सहित दर्जनों विधि लिपिक मौजूद थे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सलाहकार सह अधिवक्ता कमल किशोर झा, अधिवक्ता डॉ. अमरेन्द्र कुमार यादव, ग्राम प्रधान मांझी संगठन के अध्यक्ष सह अधिवक्ता भीम मंडल, दिलीप कुमार तिवारी, केएन झा, विकास कुमार चौरसिया मुख्य रूप से उपस्थित थे।