देवघर। फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर के निर्णय के अनुसार कल 8 फरवरी को देवघर जिले के सभी थोक एवं खुदरा खाद्यान्न दुकानें बंद रहेगी। साथ में चावल एवं अन्य खाद्य पदार्थों की मिलों में भी उत्पादन नहीं होंगे। संप चैम्बर के अध्यक्ष आलोक मल्लिक ने जानकारी देते हुए बताया कि व्यापारियों से धोखा कर झारखण्ड सरकार के कृषि बिल लाने पर पूरे राज्य के खाद्य वस्तुओं के व्यापारियों में गहरा असंतोष है और आंदोलन का रुख ले चुके हैं। इसी कड़ी में कल सभी खाद्यान्न व्यवसाय को बन्द रखते हुए सभी जिलों से व्यापारी रांची में जुट रहे हैं और राज्य स्तरीय विशाल सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इस सम्मेलन में ही उक्त विधेयक और लागू होने वाले बाजार समिति शुल्क के पुरजोर विरोध की रणनीति तय की जाएगी। देवघर से भी डेलीगेट राज्य स्तरीय सम्मेलन में भाग लेने सुबह रांची जाएंगे। विदित हो कि इस विधेयक को किसी भी सूरत में व्यापारी लागू नहीं होने देने के लिए कृतसंकल्पित है क्योंकि इसके लागू हो जाने से झारखण्ड के खाद्य वस्तुओं और कृषि उपज के व्यापारियों के लिए जीवन-मरण के सवाल पैदा हो रहे हैं। पड़ोसी राज्यों में यह अतिरिक्त शुल्क नहीं रहने के कारण झारखण्ड के व्यापारियों के लागत बढ़ने के कारण मूल्य वृद्धि होगी और व्यापारियों को दूसरे राज्यों में पलायन की भी नौबत आ सकती है। देवघर के सभी व्यावसायिक संगठन इस मुद्दे पर गोलबंद होकर एक नेतृत्व में आन्दोलन जारी रखने का निर्णय ले चुके हैं।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/tru1