पाकुड़। पाकुड़ पॉलिटेक्निक के प्रांगण में देश के प्रसिद्ध गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जन्म दिवस पर उन्हे याद किया गया। संस्थान के प्राचार्य डॉ० सरोज कुमार पाढ़ी, उप-प्राचार्य डॉ. ऋषिकेश गोस्वामी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निखिल चंद्रा एवं परीक्षा नियंत्रक अमित रंजन ने अन्य शिक्षकों, संस्थान के छात्रों एवं आस-पास के स्कूलों से आये हुए विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर देश के प्रसिद्ध गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन जी को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें स्मरण किया। इस अवसर पर संस्थान के गणित विभाग द्वारा एकदिवसीय विविध मनोरंजन कार्यक्रम में गणित पर आधारित गणित क्विज, सेमीनार, वाद-विवाद एवं अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में पाकुड़ जिला के विभिन्न स्कूलों से आये हुए लगभग एक सौ से ज्यादा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्रों को नकद पुरस्कार, पदक और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य श्री डॉ० सरोज कुमार पाढ़ी जी ने बताया कि राष्ट्रीय गणित दिवस का महत्व हर किसी के लिए महत्वपूर्ण है। इस दिवस को मनाने के पीछे हमारा मुख्य उद्देश्य लोगों में मानवता के विकास एवं व्यावहारिक ज्ञान के लिए गणित के महत्व के बारे में जागरूकता लाना है। गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन ने अपने लगन एवं प्रतिभा से गणित के क्षेत्र में अद्भुत खोज किए हैं। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने आगे बताया की उनके जन्मदिन को विशेष बनाने का मुख्य उद्देश्य गणित के विकास को प्रोत्साहित करने के लिए हर जरूरी कोशिश करना और रामानुजन जैसे गणितीय प्रतिभाओं को पल्लवित पुष्पित होने का अवसर देना हैं। इस कार्यक्रम में पाकुड़ के कुल 8 विद्यालयों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/3s2i