पाकुड़। जो लोग इमानदारी से अपनी जिंदगी में सही दिशा में योजना के साथ मेहनत करते हैं वह जरूर ही अपनी जिंदगी में सफलता हासिल करते हैं। क्योंकि कई बार इंसान की किस्मत भले ही साथ नहीं दे लेकिन उसके द्वारा किया गया कठिन परिश्रम उसे सफलता हासिल करवाने में मदद करता है। पाकुड़ शहर के रहने वाले पारा लीगल वोलेंटियर नीरज कुमार राउत और ज्योति कुमारी सिंह ने अपने मेहनत और लगन के साथ काम करते हुए एक मिसाल कायम किया है। दोनों पीएलवी को झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह ने प्रशंसा पत्र दिया है। उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह सह कार्यकारी अध्यक्ष झालसा रांची के आलोक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ के पीएलवी नीरज कुमार राउत एवं ज्योति कुमारी सिंह को बाल पीड़ितों के लिए उत्कृष्ट रूप से कर्तव्य निर्वहन के लिए प्रशंसा पत्र निर्गत कर सम्मानित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अध्यक्षता में जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ की सचिव शिल्पा मुर्मू ने मंगलवार को प्रशंसा पत्र सौपते हुए उनके कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे लगन एवं निष्ठापूर्वक कार्य करते रहने की बात कही। नीरज कुमार राउत और ज्योति कुमार सिंह ने प्रशंसा पत्र पाकर काफी खुश है। उन्होंने कहा हमने पूरी ईमानदारी से काम किया है और आगे भी करता रहूंगा। दोनों ने बताया कि कई लोग ऐसे होते हैं जो अपनी जिंदगी में सफलता तो हासिल करना चाहते हैं लेकिन इसके लिए कड़ी मेहनत नही करते हैं। ऐसे लोग अपनी जिंदगी में कामयाब नही हो पाते इसलिए हर लोगों को कड़ी मेहनत करना चाहिए।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/dte3